नौ महिलाओं को झांसा देकर शादी करने का आरोपी गिरफ्तार, खुद को बताता था अधिकारी

Sanchar Now
3 Min Read

सोनभद्र में राबर्ट्सगंज कोतवाली में शुक्रवार को पहुंचीं तीन महिलाओं ने एक व्यक्ति पर झांसे में रखकर नौ महिलाओं से शादी रचाने का आरोप लगाया। पुलिस ने संतकबीर नगर निवासी एक शिक्षिका की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की। जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोप है कि ठग विशेषकर शिक्षिकाओं और नौकरीपेशा महिलाओं को ही अपने जाल में फंसाता रहा है। एक महिला के सैलरी अकाउंट से 41 लाख रुपये का लोन लेने का भी आरोप है।

पुलिस को दी तहरीर में शिक्षिका ने बताया था कि राबट् र्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सहिजन गांव निवासी राजन गहलोत ने अलग-अलग स्थानों पर रहने वाली महिलाओं को झांसे में रखकर शादी की। बताया कि उसकी शादी हुई थी लेकिन नौकरी को लेकर पति से विवाद हो गया। लगभग आठ साल तक मुकदमा चला। 2022 में सहमति से पहले पति से तलाक हो गया। इसी बीच पिता के एक परिचित के जरिए राजन गहलोत संपर्क में आया। उसने खुद को लखनऊ में आबकारी विभाग में अनुभाग समीक्षक के पद पर कार्यरत बताया। कुछ दिन बाद काशी के अन्नपूर्णा मंदिर में हिन्दू रीति-रिवाज से हमारी शादी हुई। दोनों साथ में रहने लगे। राजन ने बच्चे की पढ़ाई और लखनऊ में जमीन लेने के बहाने मेरे सैलरी अकाउंट से 41 लाख लोन ले लिये।

बाद में अपने तबादले की बात कहकर वह ललितपुर चला गया। उसने आना-जाना भी छोड़ दिया। उसके बताए पते पर ललितपुर गई तब पता चला कि उस नाम का कोई अधिकारी नहीं है। बाद में जानकारी हुई कि उसने कई महिलाओं को झांसा देकर शादी की है। दो अन्य महिलाओं ने भी राजन पर अंधेरे में रखकर शादी रचाने का आरोप लगाया। कोतवाली इंस्पेक्टर सत्येंद्र राय ने कहा कि एक महिला की तहरीर पर धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पढ़ें  गर्म पानी, हीटर, वाई-फाई और घर जैसा बिस्तर… वाराणसी के बन रहे 26 हाईटेक रैन बसेरे, ठंड की नो टेंशन!

बताया जा रहा है कि शातिर ने महिलाओं को प्रेम जाल में फंसाकर 9 शादियां की। इसमें परिषदीय विद्यालयों की शिक्षिकाएं और व्यापारिक महिलाओं को शिकार बनाया। शादी के बाद पत्नियों के नाम पर लाखों का लोन लेता था। रुपये ऐंठने के बाद पत्नी को छोड़कर फरार हो जाता था। आरोपी ने अम्बेडकरनगर, संतकबीरनगर, गोरखपुर, वाराणसी और सोनभद्र की महिलाओं को शिकार बनाया। फिलहाल सोनभद्र की एक अध्यापिका के साथ रह रहा था।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment