पार्क में लगी बेंच आपके बच्चे के लिए हो सकती है घातक, नोएडा की इस घटना से हो जाएं सावधान

Sanchar Now
3 Min Read

नोएडा। नोएडा में सेक्टर-53 ए स्थित फव्वारा पार्क में खेल रही छह वर्षीय बच्ची के दोनों हाथ की एक-एक अंगुली स्टील बेंच में फंस गईं। काफी मशक्कत के बाद भी अंगुलियां नहीं निकलीं लेकिन, इस कवायद में बच्ची के अंगुली की खाल निकल गई और हड्डी दिखने लगी।

वहीं, मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने बेंच के कुछ हिस्से को छोड़कर बेंच को काटा और बच्ची को अस्पताल ले जाया गया। बेंच के जिस हिस्से में अंगुलियां फंसी थीं उसको अस्पताल में निकाला गया। इस पूरी कवायद में करीब पांच घंटे लग गए तब बच्ची को राहत मिल सकी।

जिला उन्नाव के गांव दयारी निवासी संतोष कुमार परिवार के साथ नोएडा के गांव गिझौड़ में किराये पर रहते हैं। संतोष गार्ड की नौकरी करते हैं और पत्नी रेनू घरों में काम करती हैं।

फव्वारा पार्क में खेलने के दौरान फंसी अंगुली

रेनू ने बताया कि सोमवार शाम 5.30 बजे वह घरों में काम करने के लिए निकल गई। उनके जाने के बाद छह वर्षीय अंशिका दो बड़ी बहनों के साथ फव्वारा पार्क में खेलने गई। पार्क में जगह-जगह लोगों के बैठने के लिए स्टील के बेंच रखे हुए हैं। बेंच में छेद भी बने हुए हैं। शाम करीब छह बजे अंशिका बेंच पर बैठ थी। उसने खेल-खेल में दोनों हाथों की दो अंगुलियों को बेंच के छेदों में फंसा ली।

पुलिस और फायर विभाग को दी सूचना 

बताया गया कि शुरुआत में अंगुलियों को खुद निकालने का प्रयास किया। असफल होने पर बहनों को बुलाया और रोने लगी। बच्ची को रोते देख पार्क में भीड़ जमा हो गई। मौके पर आरडब्ल्यूए महासचिव वीरेंद्र सिंह नेगी अन्य निवासियों के साथ पहुंचे। पुलिस और फायर विभाग को सूचना दी।

पढ़ें  ग्रेटर नोएडा में दबंगों की फायरिंग... छात्रों की कारों पर चलाईं ताबड़तोड़ गोलियां, फैलाई दहशत

पुलिस के अनुसार, बच्ची की अंगुली जिस हिस्से में फंसी थीं वहां एक-एक फीट का हिस्सा गोलाकार में काटकर बच्ची को सेक्टर-71 स्थित कैलाश अस्पताल ले जाया गया। रात 11 बजे अस्पताल के करीब बच्ची की अंगुलियां को बेंच के छेद से निकाला गया।

खेलते समय बच्चों का रखें ध्यान

छोटे बच्चों के खेलते समय अभिभावक उनका ध्यान रखें। पार्क में झू्ला झूलते समय व अन्य गतिविधियों के समय बच्चे चोटिल हो सकते हैं। आरडब्ल्यूए की ओर से अभिभावकों की मौजूदगी में बच्चों की खेल गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की गई है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment