चंदौली में छोटी बहन को बचाने गई बड़ी बहन भी नहर में डूबी, SDRF कर रही रेस्क्यू ऑपरेशन

Sanchar Now
2 Min Read

चंदौली : जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के काशीपुरा-महेवा गांव में दर्दनाक हादसा हो गया. सोमवार को गंगा नहर में नहाने गईं दो सगी बहनें डूब गईं, जबकि पांच अन्य को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम का रेस्क्यू जारी है.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, महेवा गांव स्थित मुसहर बस्ती के एक ही परिवार के सात बच्चे गंगा नहर में नहाने गए थे. नहाने के दौरान एक किशोरी का पैर फिसल गया, जिसे बचाने के चक्कर में उसकी बड़ी बहन भी गहरे पानी में चली गई. देखते ही देखते दोनों बहनें संगीता (10), अनीता (14) नहर में डूब गईं, वहीं अन्य बच्चों के चीखने की आवाज सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों ने सभी पांचों बच्चों को बाहर निकाला. ग्रामीणों ने घटना की जानकारी अलीनगर पुलिस को दी. आनन-फानन में अलीनगर थाना प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए. पुलिस के मुताबिक, सूचना के बाद एसडीआरएफ भी मौके पर पहुंची.

फायरमैन रामनाथ ने बताया कि घटना के तीन घंटे बीत जाने के बाद भी रेस्क्यू जारी है. नहर में तेज बहाव और अत्यधिक पानी के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानी आ रही है. एसडीआरएफ की टीम को सूचित कर दिया गया. साथ ही नहर का पानी भी बंद करवा दिया गया है.

एसडीआरएफ की टीम के प्रभारी रमेश सिंह वर्मा ने बताया कि चंदौली पुलिस द्वारा घटना की सूचना कंट्रोल रूम को दी गई. जिसके बाद एसडीआरएफ वाराणसी की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्कूबा ड्राइविंग समेत अन्य तकनीकों से रेस्क्यू किया गया, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के चलते सफलता नहीं मिल सकी. तलाश जारी है.

पढ़ें  कोर्ट ने संजय सिंह की जमानत याचिका पर फैसला सुरक्षित रखा, 21 दिसंबर को सुनाया जाएगा
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment