लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में लगातार अधिकारियों को इधर से उधर किया जा रहा है। जिम्मेदार अधिकारियों को नई-नई जिम्मेदारी भी सौंपी जा रही है। इसी क्रम में एक बार फिर यूपी में आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है। मिल रही जानकारी के मुताबिक, दो आईएएस अधिकारियों को नई तैनाती मिली है। इसमें से एक महिला आईएएस अधिकारी भी शामिल है, जो प्रतीक्षारत चल रही थी। अब उन्हें नई जिम्मेदारी सौंप दी गई है।

आईएएस राजेश कुमार का तबादला कर दिया गया है। आईएएस राजेश कुमार को नई जिम्मेदारी सौंपते हुए चित्रकूट जिले का मुख्य विकास अधिकारी बना दिया गया है। राजेश कुमार मौजूदा समय में गौतमबुद्धनगर जिले में तैनात थे, वो अपर जिलाधिकारी (भूमि-अध्याप्ति) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इसके साथ ही आईएएस अनुष्का शर्मा को भी नई तैनाती मिल गई है। आईएएस अनुष्का शर्मा को प्रतापगढ़ जिले में संयुक्त मजिस्ट्रेट बनाया गया है। अनुष्का शर्मा वेटिंग में चल रही थी।
एक सप्ताह पहले भी तबादले
दरअसल, एक हफ्ते पहले ही यूपी में दो आईएएस अधिकारियों के तबादले किये गए थे। आईएएस रमेश कुमार को विशेष सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग बनाया गया था। जबकि वो विशेष सचिव अल्पसंख्यक कल्याण के पद पर तैनात थे। उनकी जगह आईएएस शीलधर सिंह यादव को तैनात कर दिया गया है। शीलधर सिंह यादव उस समय विशेष सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के पद पर तैनात थे।
हालांकि, शीलाधर सिंह यादव को उस पद से हटाकर अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में विशेष सचिव के पद पर नई तैनाती दे दी गई थी। इसके साथ ही 8 पीसीएस अधिकारियों के भी तबादले किये गए थे।











