नोएडा में पुलिस और बदमाशों में धांय-धांय; मुठभेड़ में गिरोह का सरगना घायल; तीन शातिर गिरफ्तार

Sanchar Now
2 Min Read

नोएडा: लग्जरी गाड़ी से आकर कारों के टायर चोरी करने वाले बदमाशों को सेक्टर-39 पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। बदमाशों के पास से एक क्रेटा कार, तमंचा और चोरी किए गए टायर बरामद किए गए। पूछताछ में सामने आया है कि गैंग सिर्फ कार के टायर ही चोरी कर रहा था। बदमाशों ने पुलिस को बताया कि टायर बेचना आसान होता है। इसके अलावा लग्जरी कार के टायर महंगे बिकते हैं।

एसीपी फर्स्ट नोएडा प्रवीन कुमार ने बताया कि गुरुवार रात शशि चौक कट पर पुलिस की टीम चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक क्रेटा कार आई। पुलिस ने उसे चेकिंग के लिए रुकने के लिए कहा तो वे वहां से भागने लगे। पीछा करने पर बदमाश सेक्टर-42 के जंगलों की तरफ चले गए। वहां उन्होंने कार को छोड़ दिया और भागने लगे। इस बीच उन्होंने पुलिस पर फायरिंग की। इसमें टीम बाल-बाल बची। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को गोली लगी।

उसकी पहचान मोहम्मद इश्तियाक के रूप में हुई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही घेराबंदी में उसके दो अन्य साथी वाकिर और अब्दुल गनी को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि इश्तियाक और वाकिर गाजियाबाद में शालीमार गार्डन के रहने वाले हैं, वहीं अब्दुल ग्वालियर मध्य प्रदेश का मूल निवासी है। बरामद की गई कार इश्तियाक की है।

हर दिन 2-3 कार के टायर करते हैं चोरी

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे लग्जरी कार से निकलने के बाद घरों के बाहर पार्क हुई कार के टायर चोरी करते हैं। कुछ ही मिनटों में गाड़ी के सभी टायर चोरी कर लेते हैं। ये बदमाश एनसीआर में अलग-अलग लोकेशन पर 2-3 वारदात करते हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि बीते कुछ दिनों में उन्होंने 10-15 वारदात की हैं। वाकिर और अब्दुल गनी पर मुंबई में भी केस दर्ज हैं।

पढ़ें  गौतमबुद्धनगर पुलिस का नशे पर सबसे बड़ा प्रहार—तीन साल में 1 अरब 46 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त, 1,748 आरोपी गिरफ्तार
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment