यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि सभी के लिए अवसरों की टोकरी है – उपराष्ट्रपति

Sanchar Now
6 Min Read

Sanchar Now। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट और केंद्र में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के दूसरे संस्करण का शुभारंभ उपराष्ट्रपति के द्वारा किया गया। इस दौरान उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए गेम चेंजर साबित हुए हैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उनके निरंतर प्रयासों से उत्तर प्रदेश तेजी से उद्यम प्रदेश बन रहा है। यूपी में कृषि के बाद सर्वाधिक रोजगार सृजन करने वाला क्षेत्र एमएसएमई है। यूपी के पास सर्वाधिक 75 जीआई टैग, एमएसएमई का भी सबसे बड़ा बेस है। अब उत्तर प्रदेश देश के विकास के ग्रोथ इंजन के रूप में जाना जा रहा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कैसे वर्णन किया जाए, देश का सबसे बड़ा राज्य उनके गतिशील शासन में फल-फूल रहा है। योगी इस राज्य के लिए गेम चेंजर साबित हुए हैं और इससे देश को काफी मदद मिल रही है। मैं उनके 24*7 कार्य करने की विशेष शैली से अभिभूत हूं। इसी के साथ उन्होंने कहा कि निवेश के लिए कानून और व्यवस्था से ज्यादा महत्वपूर्ण कुछ नहीं है। कानून और व्यवस्था लोकतंत्र को परिभाषित करती है और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कानून और व्यवस्था को परिभाषित करते हैं।

उप राष्ट्रपति ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आयोजन में आकर बहुत खुशी हुई। उन्होंने कहा कि यहां विभिन्न स्टॉल का अवलोकन करने पर ऐसा लगा कि वह दुनिया के सबसे विकसित देश में हैं। यह आयोजन प्रदेश के कारीगरों, शिल्पकारों तथा दुनियाभर के बायर्स को एक मंच पर लाने का अवसर प्रदान करता है। इतने विचारशील, दूरदर्शी और व्यावहारिक सोच के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देता हूं।

पढ़ें  उत्तर प्रदेश: बाराबंकी में लाठीचार्ज पर CM योगी का एक्शन, सीओ को हटाया, चौकी की पूरी पुलिस फोर्स लाइन हाजिर

वियतनाम को इस ट्रेड शो में सर्वश्रेष्ठ लोगों से जुड़ने का अवसर मिलेगा

यूपीआईटीएस में उप राष्ट्रपति ने इस बात को लेकर भी प्रसन्नता व्यक्त की कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के द्वितीय संस्करण में दक्षिण एशिया में प्रभावशाली जीडीपी वाला देश वियतनाम भागीदार देश के रूप में शामिल हुआ है। उन्होंने कहा कि वियतनाम को इस बात के लिए आश्वस्त होना चाहिए कि वह सही जगह पर है क्योंकि वे यहां सर्वश्रेष्ठ लोगों से जुड़ सकते हैं। हम भारत और यूपी के साथ-साथ वियतनाम की समृद्ध संस्कृति का भी अनुभव यहां प्राप्त कर सकते हैं। दोनों देशों के बीच समानता अद्भुत है। अपने अनूठे स्वाद के लिए प्रसिद्ध वियतनामी व्यंजनों का लुत्फ यूपी और देश भर के आगंतुक यहां उठा सकते हैं। यह हमारे द्विपक्षीय संबंधों को और बढ़ाने के लिए फायदेमंद होंगे। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दूरदर्शी नेतृत्व है कि उन्होंने ग्लोबल साउथ की आवाज को बुलंद किया है। यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम है और यहां आने वाला हर कोई अपने साथ खुशी के पल की अनुभूति लेकर जाएगा।

देश के विकास के ग्रोथ इंजन के रूप में जाना जा रहा उत्तर प्रदेश

यूपीआईटीएस के उद्घाटन के दौरान उप राष्ट्रपति ने कहा कि पूरे देश को इस आयोजन के बारे में जानकारी होनी चाहिए। संसद टीवी के जरिए इसका प्रदर्शन होना चाहिए। प्रदर्शनी के जरिए प्रदेश की तकनीकी, सांस्कृतिक संपदा, एक जिला-एक उत्पाद आदि को दर्शाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के बीच कार्यों के क्रियान्वयन का तालमेल बेजोड़ है। इसमें भ्रष्टाचार और अकुशलता के लिए कोई जगह नहीं है। मुख्यमंत्री योगी के निरंतर प्रयासों से यूपी तेजी से उद्यम प्रदेश बन रहा है। उन्होंनेे कहा कि भारत को दुनिया की सबसे पुरानी सभ्यता होने पर गर्व है, लेकिन हम बीच में कहीं खो गए थे, हालांकि अब हमने इसे फिर से गति दी है, इससे अधिक संतोषजनक कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुशासन के लिए फ्रंट फुट पर खेल रहे हैं। एक दशक आर्थिक स्थिति लड़खड़ा रही थी, लेकिन वर्तमान में 360 डिग्री का बदलाव बेहतरी का संदेश है और यह दुनियाभर के लिए निवेश का पसंदीदा वैश्विक गंतव्य बन चुका है।

पढ़ें  ग्रेटर नोएडा में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का लगेगा दिव्य दरबार, सीएम योगी होंगे शामिल

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यूपी सभी क्षेत्रों में विकास और नवाचार की गतिविधियों से भरा हुआ है। दो साल में हमारी अर्थव्यवस्था जर्मनी और जापान से आगे बढ़कर तीसरे नंबर पर पहुंच जाएगी। मुख्यमंत्री के प्रयासों से प्रदेश में विश्वस्तरीय एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे व हाईवे को सुदृढ़ इन्फ्रास्ट्रक्चर के रूप में देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री के तीसरे कार्यकाल में 12 नए औद्योगिक क्षेत्र शुरू हुए हैं, एआई ने अपनी जगह बनाई है। विश्व बैंक और आईएमएफ हमारी प्रशंसा कर रहे हैं। हमारा डिजिटलीकरण और तकनीकी पैठ बहुत बढ़िया है। मेक इन इंडिया के एक दशक ने विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक परिणाम दिए हैं और यूपी इसमें अग्रणी है।

उद्घाटन समारोह में प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, औद्योगिक विकास मंत्री नंदगोपाल गुप्ता (नंदी), उत्तर प्रदेश सरकार के एमएसएमई मंत्री राकेश सचान, जल शक्ति विभाग के मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, मत्सय विभाग के मंत्री संजय निषाद, परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह, लोक निमार्ण विभाग के राज्यमंत्री बृजेश सिंह, राज्यमंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास जसवंत सैनी, सांसद महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेन्द्र नागर, विधायक जेवर धीरेन्द्र सिंह, विधायक दादरी तेजपाल सिंह नागर, विधान परिषद सदस्य नरेंद्र भाटी, अन्य जनप्रतिनिधिगण, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, एक्सपो मार्ट के चेयरमैन राकेश कुमार सहित शासन एवं जिला प्रशासन के अधिकारीगण व देश-प्रदेश से आए उद्यमी, हस्तशिल्पी, एग्जीबिटर्स, बायर्स आदि मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment