संचार नाउ। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने अधिसूचित क्षेत्र में चल रहे अवैध कब्जों के खिलाफ शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के कड़े निर्देशों पर विशेष कार्याधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में जेवर बांगर और मेवला गोपालगढ़ गांवों में व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
दरअसल, यमुना प्राधिकरण की इस कार्रवाई में करीब 1,10,000 वर्गमीटर भूमि को कब्जामुक्त कराया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 550 करोड़ रुपये आंकी गई है। प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि यह जमीन औद्योगिक विकास और परियोजनाओं के लिए अधिसूचित क्षेत्र में आती है, जिस पर लंबे समय से अवैध निर्माण और कब्जा कर लिया गया था।
लगातार जारी रहेगा अभियान
विशेष कार्याधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि अवैध कब्जों के खिलाफ प्राधिकरण का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट संदेश दिया कि प्राधिकरण किसी भी स्थिति में अवैध कब्जों को बर्दाश्त नहीं करेगा। साथ ही उन्होंने भोले-भाले खरीददारों को चेताया कि वे संदिग्ध प्रॉपर्टी डीलरों से सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की अवैध खरीद-फरोख्त में न फंसें।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी
अवैध कब्जों के खिलाफ चलाए गए इस अभियान में यमुना प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल रहे। इस दौरान विशेष कार्याधिकारी शिवोतार सिंह, डिप्टी कलेक्टर अभिषेक साहनी, परियोजना एवं भूलेख विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।
भूमाफियाओ को बड़ा संदेश
प्राधिकरण की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण नहीं चल पाएगा। भूमि माफियाओं और अवैध प्रॉपर्टी कारोबारियों पर शिकंजा कसते हुए YEIDA ने निवेशकों और खरीदारों को भरोसा दिलाया है कि उनकी जमीनें सुरक्षित रहेंगी।