यीडा का भव्य मुख्यालय 320 करोड़ में, 18 महीने में होगा तैयार

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) जल्द ही अपने नए मुख्य प्रशासनिक भवन का निर्माण शुरू करने जा रहा है। सेक्टर 18 में यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे बनने वाला यह मुख्यालय 27,800 वर्गमीटर क्षेत्र में फैला होगा। पहले चरण के लिए 319.38 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत के साथ यह चार मंजिला इमारत 18 महीने में बनकर तैयार होगी।

यीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि प्राधिकरण अध्यक्ष और प्रमुख सचिव उद्योग आलोक कुमार के निर्देशों के बाद भवन के डिज़ाइन में संशोधन किया गया है। संशोधित डिज़ाइन को अनुमति के लिए भेजा गया है, और स्वीकृति मिलते ही सिक्का ग्रुप द्वारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस वर्ष के बजट में भवन निर्माण के लिए धनराशि का प्रावधान किया गया है। नए मुख्यालय में आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। पांच तल वाले इस भवन में बेसमेंट और स्टिल्ट पार्किंग में 1,067 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था होगी, जबकि 102 वाहनों के लिए अलग से वीआईपी पार्किंग बनाई जाएगी।

इसके साथ ही, यीडा अगले महीने (मई 2025) तक अपने औद्योगिक विभाग को सेक्टर 28 स्थित कॉमन फैसिलिटी सेंटर में स्थानांतरित कर देगा। डॉ. सिंह ने बताया कि यह कदम क्षेत्र में औद्योगीकरण को बढ़ावा देने और उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से उठाया गया है। वहां महाप्रबंधक सहित औद्योगिक अनुभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी कार्य करेंगे। यह नया मुख्यालय न केवल यीडा के प्रशासनिक कार्यों को सुचारू करेगा, बल्कि यमुना एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में औद्योगिक विकास को भी नई गति प्रदान करेगा। इसके साथ ही दनकौर जेवर रबूपुरा के किसानों को काफी सहूलियत होगी उनको अपने प्राधिकरण में किसी भी कार्य के लिए अब ग्रेटर नोएडा के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। 
पढ़ें  शारदा अस्पताल के डॉक्टर को नेशनल नियोनेटोलॉजी फोरम ने राष्ट्रपति प्रशंसा पुरस्कार से सम्मानित किया
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment