जापानी इंडस्ट्रियल पार्क मॉडल के अध्ययन के लिए YEIDA का नीमराना दौरा, जापानी निवेश आकर्षित करने की दिशा में बड़ा कदम

Sanchar Now
2 Min Read

ग्रेटर नोएडा/नीमराना। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को राजस्थान के नीमराना स्थित राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (RIICO) के जापानी औद्योगिक पार्क का रणनीतिक अध्ययन दौरा किया। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व YEIDA के मुख्य कार्यपालक अधिकारी आर.के. सिंह ने किया। दौरे का मुख्य उद्देश्य YEIDA क्षेत्र में प्रस्तावित जापानी इंडस्ट्रियल सिटी के विकास के लिए नीमराना में स्थापित जापानी औद्योगिक पार्क के सफल मॉडल, संचालन ढांचे और सर्वोत्तम प्रथाओं का अध्ययन करना रहा।

दरअसल, इस दौरे के दौरान आयोजित बैठक की अध्यक्षता YEIDA के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने की, जबकि सह-अध्यक्षता एसीईओ शैलेन्द्र कुमार भाटिया ने की। बैठक में EPCMD-India के ED, RIICO के DGM संजय बगड़िया तथा परामर्श एजेंसी अर्न्स्ट एंड यंग (EY) के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। RIICO अधिकारियों ने नीमराना जापानी ज़ोन के विकास की प्रक्रिया, निवेशकों को दी जा रही सुविधाओं और संचालन मॉडल पर विस्तृत प्रस्तुति दी। चर्चा के प्रमुख बिंदुओं में जापानी निवेशकों की आवश्यकताओं के अनुरूप भूमि आवंटन और ज़ोनिंग, अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के लिए विशेष वित्तीय व प्रशासनिक प्रोत्साहन तथा जापानी कंपनियों की लॉजिस्टिक्स और यूटिलिटी संबंधी अपेक्षाओं पर विस्तार से विचार किया गया।

तकनीकी चर्चाओं के बाद YEIDA प्रतिनिधिमंडल ने जापानी औद्योगिक पार्क का फील्ड विज़िट कर अवसंरचना और यूटिलिटी प्रबंधन को प्रत्यक्ष रूप से देखा। इस अवसर पर सीईओ राकेश कुमार सिंह ने कहा कि RIICO के साथ पारदर्शी सहयोग से प्राप्त अनुभव YEIDA क्षेत्र में विश्वस्तरीय जापानी औद्योगिक पार्क विकसित करने में अत्यंत सहायक होंगे। उन्होंने कहा कि इससे उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश गंतव्य के रूप में मजबूती मिलेगी। दौरे के समापन पर YEIDA नेतृत्व ने अंतर-राज्यीय सहयोग को औद्योगिक विकास की दिशा में अहम कदम बताते हुए, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के साथ औद्योगिक क्लस्टर आधारित और मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी पर आधारित विकास दृष्टिकोण की जानकारी भी साझा की।

पढ़ें  सड़क पर फेका कूड़ा, प्राधिकरण ने कूड़े से ढूढे सबूत, फेंकने वाले पर 1.30 लाख का जुर्माना
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment