अमित शाह ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल से कहा- यूपी भारत की आत्मा और विकास का इंजन

Sanchar Now
3 Min Read

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश दिवस 2026 समारोह कार्यक्रम में शामिल हुए। लखनऊ में प्रेरणा स्थल पर आयोजित इस कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने 2014 से लगातार भाजपा का साथ दिया अगला साल चुनावी साल है एक बार फिर उत्तर प्रदेश में बहुमत की भाजपा की सरकार बनाएं। अमित शाह पूरी तरह चुनावी मोड में नजर आए। उन्होंने विरोधियों पर जमकर हमले बोले। विपक्ष पर गरजते हुए गृहमंत्री ने कहा कि सपा, कांग्रेस और बसपा जैसी परिवारवादी पार्टियां उत्तर प्रदेश का कल्याण नहीं कर सकती। यह काम केवल भाजपा ही कर सकती है।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया। यहां डिफेंस कॉरिडोर स्थापित हुआ जिसमें ब्रह्मोस बनी। अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश भ्रष्टाचार मुक्त हुआ है। यहां कानून का राज स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि आज सरदार पटेल के नाम पर सरदार पटेल औद्योगिक क्षेत्र का शुभारंभ हुआ। इसकी डिटेल प्लानिंग की गई है। उत्तर प्रदेश का हर जिला रोजगार से युक्त हो और उत्तर प्रदेश के युवा अपने ही प्रदेश में रोजगार प्राप्त करे, ऐसी व्यवस्था होगी। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई योजनाओं को धरातल पर उतारा है। इसे कांग्रेस और सपा ने बीमारू राज्य बनाकर रखा था। 62 लाख गरीबों को घर मिला और पूरा देश जिस क्षण की राह देख रहा था आज उसी अयोध्या में श्रीराम का भव्य मंदिर बनाने का काम भी पूरा हो चुका है।

पढ़ें  राम मंदिर में ध्वजारोहण से पहले अयोध्या पहुंचे CM योगी, तैयारियों का लिया जायजा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आज मैं हर उत्तर प्रदेशवासी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देना चाहता हूं क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकसित उत्तर प्रदेश का संकल्प लिया है। उत्तर प्रदेश एक रूप से भारत की धड़कन है और दूसरे मायनों में यह भारत की आत्मा है। यह भारत की विकास का इंजन भी बनने जा रहा है।

वहीं इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की इसी भूमि पर भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या है और श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा-वृंदावन भी है। आज उत्तर प्रदेश तेजी से एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लिए आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश जल्द ही 21 हवाई अड्डों वाला प्रदेश बनने की राह पर है लखनऊ, वाराणसी और अयोध्या जैसे एयरपोर्ट दुनिया के लिए हमारे द्वार खोल रहे हैं। आज उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर भारत अभियान को बल दे रहा है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment