संचार नाउ। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण कार्यालय में 26 जनवरी 2026 को 77वें गणतंत्र दिवस का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह द्वारा ध्वजारोहण किया गया और उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों और नृत्य-नाटिकाओं से हुई। बच्चों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ सहित देशप्रेम से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और भारतीय संविधान में निहित नागरिकों एवं राज्य के अधिकारों और कर्तव्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश को राजनीतिक स्वतंत्रता 1947 में मिली, लेकिन नागरिकों और सरकार के अधिकार व कर्तव्य 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू होने के साथ प्राप्त हुए। उन्होंने देश के विकास पथ पर आगे बढ़ने में केंद्र और राज्य सरकार की भूमिका का उल्लेख करते हुए प्राधिकरण के अधिकारियों व कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों के निष्ठापूर्वक निर्वहन के लिए प्रेरित किया।

अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने गणतंत्र दिवस को संविधान लागू किए जाने का उत्सव बताते हुए विकसित भारत 2047 के लक्ष्य, जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा में योगदान पर चर्चा की। वहीं महाप्रबंधक वित्त ए के सिंह ने 1600 से 1947 तक के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से उपस्थितजनों को अवगत कराया।

इसके अलावा अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश कुमार सिंह, विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी स्वतंत्रता आंदोलन और डॉ. भीमराव आंबेडकर के नेतृत्व में संविधान निर्माण की प्रक्रिया पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का सफल संचालन विशेष कार्याधिकारी मेहराम सिंह द्वारा किया गया।
समारोह के समापन पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए गए तथा उपस्थित सभी लोगों को मिष्ठान वितरण किया गया। कार्यक्रम में प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

