G-7: परमाणु हमले के पीड़ितों का दर्द जानने पहुंचे PM मोदी, हिरोशिमा के पीस मेमोरियल म्यूजियम का किया दौरा

Sanchar Now
2 Min Read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1945 में द्वितीय विश्वयुद्ध के अंत में जापान के हिरोशिमा शहर में हुए परमाणु हमले में मारे गए लोगों की याद में बनाए गए हिरोशिमा शांति स्मारक संग्रहालय में रविवार को पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान पीएम मोदी के साथ G7 आमंत्रित देशों के नेताओं हिरोशिमा पीस मेमोरियल पार्क में पुष्पांजलि अर्पित करने पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी को ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बनीस के साथ बातचीत करते हुए देखा गया। पीएम मोदी G7 ग्रुप के वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए जापान की यात्रा पर हैं। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि मोदी ने G7 के अन्य नेताओं के साथ संग्रहालय का दौरा किया। उन्होंने संग्रहालय की आगंतुक पुस्तिका पर हस्ताक्षर भी किए।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘आज (रविवार) सुबह हिरोशिमा में शांति स्मारक संग्रहालय और हिरोशिमा शांति स्मारक पार्क गया।” स्मारक पर अन्य विश्व नेताओं ने भी अमेरिका के परमाणु हमले में मारे गए लोगों को पुष्पांजलि अर्पित की। अमेरिका ने छह अगस्त 1945 को हिरोशिमा में दुनिया का पहला परमाणु हमला किया था, जिसमें यह शहर तबाह हो गया था और करीब 1,40,000 लोगों की मौत हो गई थी।

पीएम मोदी के स्मारक स्थल स्थित संग्रहालय के दौरे की तस्वीरें ट्वीट करते हुए विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘हिरोशिमा के पीड़ितों की याद में श्रद्धांजलि। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शांति स्मारक संग्रहालय का दौरा कर अपने दिन की शुरुआत की, जहां उन्होंने दस्तावेजों का अवलोकन किया और आगंतुक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किए।” मंत्रालय ने G7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रहे विश्व नेताओं की एक सामूहिक तस्वीर भी ट्वीट की। उसने कहा, ‘‘नेताओं ने भी हिरोशिमा शांति स्मारक पार्क में श्रद्धांजलि अर्पित की।”

पढ़ें  केजरीवाल सरकार का बड़ा फैसला, दिल्ली में इस साल भी दिवाली पर पटाखे फोड़ने पर बैन

इस संग्रहालय में हमले में मारे गए लोगों के सामान, तस्वीरें और अन्य सामग्री रखी गई हैं, जो हिरोशिमा पर अमेरिका द्वारा परमाणु बम गिराए जाने की विभीषिका दर्शाती हैं। G7 देशों में जापान, अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, कनाडा, इटली और यूरोपीय संघ (EU) शामिल हैं।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment