संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा स्थित जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने 12 फरवरी 2026 को अपने 25वें संस्थापक दिवस एवं रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के साथ सप्ताहभर चलने वाले फाउंडेशन वीक समारोह की औपचारिक शुरुआत की। 12 से 18 फरवरी तक आयोजित होने वाले इस विशेष आयोजन की रूपरेखा मीडिया के समक्ष प्रस्तुत की गई। प्रेस वार्ता में अध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता, उपाध्यक्ष गौरव गुप्ता, सीईओ जीआईएमएस स्वदेश कुमार सिंह, ग्रुप रजिस्ट्रार अनिल माधवाल, वीपी (पीआर) टी.एन. चौरसिया, निदेशक धीरज गुप्ता, सविता मोहन, भूपेन्द्र कुमार सोम, अंशुल शर्मा, कल्पना रानी जयस, प्रणति बरुआ सहित अन्य डायरेक्टर, डीन और विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
इस दौरान अध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता ने कहा कि रजत जयंती केवल उत्सव नहीं, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में 25 वर्षों की उत्कृष्टता, नैतिक नेतृत्व और सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जीएनआईओटी समूह ने इन वर्षों में कुशल पेशेवरों और जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण किया है। फाउंडेशन वीक के दौरान मैराथन, रक्तदान शिविर, सिल्वर जुबली बॉटनिकल पार्क का उद्घाटन, स्पोर्ट्स मीट, एचआर काउंसिल मीट, एलुमनी मीट और ‘नेकी की दीवार’ जैसी सामाजिक पहलें आयोजित की जाएंगी। बॉटनिकल पार्क में लगभग 250 पर्यावरण-अनुकूल पौधे लगाए जाएंगे।

मीडिया के प्रश्नों के उत्तर में धीरज गुप्ता ने बताया कि परिसर में 700 छात्रों और 300 छात्राओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त छात्रावास उपलब्ध है, जहां 24×7 सुरक्षा और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था है। प्लेसमेंट संबंधी जानकारी देते हुए सविता मोहन ने बताया कि लगभग 80 प्रतिशत छात्रों को प्रतिष्ठित कंपनियों में नियुक्ति मिल चुकी है, जबकि अंशुल शर्मा ने आईआईटी और आईआईएम के सहयोग से संचालित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी।

एलुमनी एवं एचआर मीट में लगभग 250 एचआर प्रोफेशनल्स के भाग लेने की संभावना है। पुस्तक मेले में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रकाशक विभिन्न विषयों की पुस्तकों का प्रदर्शन करेंगे। 18 फरवरी को मुख्य संस्थापक दिवस समारोह में उत्कृष्ट फैकल्टी, स्टाफ, छात्र और एलुमनी को सम्मानित किया जाएगा। रजत जयंती वर्ष का यह आयोजन संस्था की शैक्षणिक विरासत और भविष्य की प्रतिबद्धता का सशक्त संदेश देगा।

