संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा के जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के रजत जयंती समारोह के द्वितीय दिवस “स्पर्धा” का आयोजन उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ किया गया। दिनभर चले कार्यक्रमों में खेल प्रतियोगिताएं, तकनीकी इवेंट, उद्योग–अकादमिक संवाद, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सामाजिक पहलें प्रमुख आकर्षण रहीं।
कार्यक्रम में वर्ल्ड पुलिस गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता बबीता नागर, यूथ फ्रंट उत्तर प्रदेश (पश्चिम) के क्षेत्रीय अध्यक्ष सुखविंदर सोम, स्टैंड-अप कॉमेडियन इंदर साहनी तथा कवयित्री निधि नरवाल की उपस्थिति रही। अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल, नवाचार और नेतृत्व में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर केएलजी रजत जयंती बोटेनिकल गार्डन का उद्घाटन किया गया तथा पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
खेल, तकनीक, संस्कृति और सामाजिक सरोकार की विविध गतिविधियों ने बांधा समां
स्पर्धा गेम्स के अंतर्गत फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, रस्साकशी, बैडमिंटन और ट्रैक रेस सहित विभिन्न आउटडोर खेल आयोजित हुए, जबकि कैरम और शतरंज जैसी इनडोर प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एचआर काउंसिल मीट में 250 से अधिक एचआर विशेषज्ञों ने कौशल विकास, इंटर्नशिप और प्लेसमेंट रणनीतियों पर विचार साझा किए। एलुमनाई मीट में 300 से अधिक पूर्व छात्रों ने भाग लेकर अपने अनुभव साझा किए।

तकनीकी प्रतियोगिताओं में इंटर-कॉलेज ड्रोन फ्लाइंग और रोबो रेस आकर्षण का केंद्र रहीं। विजेताओं को कुल 51 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। एआई डंब शराड्स ने रचनात्मकता और तकनीकी समझ का अनूठा प्रदर्शन किया।
जुबिली जैम्बोरी, जॉय जंक्शन और ‘नेकी की दीवार’ जैसी पहलों ने समारोह को सामाजिक सरोकार से भी जोड़ा। द्वितीय दिवस खेल, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी के समन्वय के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

