यमुना प्राधिकरण का अवैध खनन और निर्माण पर सख्त रुख, भूतपूर्व सैनिकों की विशेष टीम करेगी निगरानी

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने क्षेत्र में अवैध खनन और अवैध निर्माण के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान शुरू किया है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी आर.के. सिंह के निर्देश पर प्राधिकरण क्षेत्र के विभिन्न सेक्टरों में विशेष निगरानी और कार्रवाई की व्यवस्था की गई है। प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर 18, 20, 22डी, 24, 24ए, 25डी, 28, 29, 32, 33 आदि में अवैध खनन और निर्माण की रोकथाम के लिए पूर्व में तैनात भूतपूर्व सैनिकों के अतिरिक्त अब 10 और भूतपूर्व सैनिकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही चार दोपहिया वाहनों के अतिरिक्त एक नया वाहन भी उपलब्ध कराया गया है, जिससे निगरानी और गश्त को और प्रभावी बनाया जा सके।

दरअसल, प्राधिकरण की सुरक्षा टीम को अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई के साथ-साथ अवैध निर्माण को रोकने की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है। संबंधित क्षेत्रों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर परियोजना एवं भूलेख विभाग को भी निर्देशित किया गया है कि वे नियमित रूप से सुरक्षा बल को रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। अवैध निर्माण पाए जाने पर नियमानुसार धारा 10 के तहत ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

सभी विभागों के अधिकारियों के बीच समन्वय बढ़ाने के लिए एक व्हाट्सएप समूह भी बनाया जाएगा, जिससे सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान हो सके और अवैध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

इस नई पहल के तहत अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश कुमार द्वारा भूतपूर्व सैनिकों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्राधिकरण का उद्देश्य क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर सुव्यवस्थित और पारदर्शी विकास सुनिश्चित करना है।

पढ़ें  YEIDA बोर्ड बैठक में औद्योगिक पार्कों की प्रगति की समीक्षा, सेक्टर-29, 33 और 28 बने निवेश के केंद्र
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment