संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अधिसूचित क्षेत्र बिलासपुर में अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 18,770 वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया। इस जमीन की अनुमानित कीमत करीब 37.5 करोड़ रुपये बताई गई है।
दरअसल, सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर भूलेख और परियोजना विभाग की संयुक्त टीम ने खसरा संख्या 100, 104 और 105 पर चल रहे अवैध निर्माण को बुल्डोजर से ध्वस्त कर दिया। यहां कालोनाइजर बाउंड्री बनाकर प्लॉटिंग की तैयारी में थे और दो अवैध रूप से बने मकानों को भी तोड़ा गया।

एसीईओ सुमित यादव ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति या नक्शा पास कराए किसी भी प्रकार का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से सत्यापन अवश्य कर लें, ताकि अवैध कॉलोनियों में निवेश से बचा जा सके।
महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर ओएसडी भूलेख रामनयन सिंह के नेतृत्व में वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह और टीम ने सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में कार्रवाई को अंजाम दिया। दोबारा अतिक्रमण करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

