राया अर्बन सेंटर और हैरिटेज सिटी परियोजना का निरीक्षण, अपर मुख्य सचिव ने भू-अर्जन तेज करने के दिए निर्देश

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ, मथुरा। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष आलोक कुमार ने शनिवार को जनपद मथुरा में प्रस्तावित राया अर्बन सेंटर और हैरिटेज सिटी परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना से संबंधित विभिन्न स्थलों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

अपर मुख्य सचिव ने राया अर्बन सेंटर क्षेत्र में औद्योगिक भू-उपयोग के लिए प्रस्तावित 64 हेक्टेयर साइट, हैरिटेज सिटी परियोजना स्थल तथा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) द्वारा प्रस्तावित वृंदावन बायपास साइट का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के बाद वृंदावन स्थित यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय में बैठक आयोजित की गई, जिसमें परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना के लिए भू-अर्जन की प्रक्रिया को तेजी से पूरा करते हुए विकास कार्यों को जल्द शुरू किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ क्षेत्र को शीघ्र मिल सके।

बैठक के दौरान प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र कुमार भाटिया ने प्रस्तावित हैरिटेज सिटी परियोजना, बांके बिहारी मंदिर के लिए प्रस्तावित पार्किंग व्यवस्था, तथा प्राधिकरण की आवासीय और व्यावसायिक योजनाओं का प्रस्तुतीकरण दिया।

इस बैठक में प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश कुमार, ओएसडी शैलेंद्र कुमार सिंह, जीएम प्रोजेक्ट राजेंद्र भाटी सहित परियोजना, नियोजन और विद्युत विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन, आधारभूत संरचना और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment