संचार नाउ। रयान इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए मोंटेसरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों हेतु एक व्यापक अभिभावक अभिविन्यास कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों और विद्यार्थियों को विद्यालय की शैक्षणिक प्रणाली, मूल्यों और सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने वाले वातावरण से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के अध्यक्ष डॉ एएफ पिंटो और प्रबंध निदेशक डॉ ग्रेस पिंटो के दूरदर्शी नेतृत्व के परिचय के साथ हुई। इस दौरान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ जीवन कौशल, नैतिक मूल्यों और वैश्विक दृष्टिकोण पर आधारित शिक्षण प्रणाली की जानकारी अभिभावकों को दी गई।
विद्यालय के दर्शन, उपलब्धियों और शिक्षार्थी-केंद्रित शिक्षा पद्धति पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। अभिभावकों को स्कूल के नियम, अनुशासन, दैनिक दिनचर्या, मूल्यांकन प्रणाली और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया, जो विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों, कला एवं शिल्प सत्रों और इंटरएक्टिव गेम्स का आयोजन किया गया, जिससे बच्चों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ। वहीं कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल काउंसलर द्वारा विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें शैक्षणिक लक्ष्य, मानसिक स्वास्थ्य और प्रभावी अध्ययन तकनीकों पर मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम का समापन सकारात्मक माहौल में हुआ, जहां अभिभावकों ने विद्यालय के सुव्यवस्थित दृष्टिकोण और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की। यह कार्यक्रम विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में सहायक साबित हुआ।
