संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-37 में हॉकी खिलाड़ियों को जल्द ही आधुनिक खेल सुविधा मिलने जा रही है। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने रविवार को करीब 10.30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले हॉकी ग्राउंड का शिलान्यास एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि यह हॉकी ग्राउंड क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा और राष्ट्रीय स्तर की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस मौके पर जेवर विधायक ने कहा कि राष्ट्रीय खेल हॉकी के प्रति युवाओं को प्रोत्साहित करने और क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच देने के उद्देश्य से इस परियोजना की शुरुआत की गई है। उन्होंने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा हॉकी ग्राउंड निर्माण के लिए उठाए गए कदम की सराहना की।
प्राधिकरण के अनुसार हॉकी ग्राउंड का निर्माण दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में खेल मैदान विकसित होगा, जबकि दूसरे चरण में पवेलियन और दर्शक दीर्घा का निर्माण कराया जाएगा। परियोजना को लगभग 9 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
शिलान्यास कार्यक्रम में प्राधिकरण के वर्क सर्किल-5 के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश निम, स्थानीय जनप्रतिनिधि, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी तथा सेक्टर-37 एवं आसपास के बड़ी संख्या में निवासी उपस्थित रहे।
