संचार नाउ। लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद भर में कोचिंग सेंटरों, होटलों और अन्य संस्थानों में अग्नि सुरक्षा एवं मानव सुरक्षा मानकों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। संयुक्त टीमों द्वारा लगातार निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार पिछले दो दिनों में कुल 66 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन न करने और आवश्यक अभिलेख उपलब्ध न होने पर 9 कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया गया, जबकि 12 संस्थानों को नोटिस जारी किए गए हैं।
बुधवार को विभिन्न क्षेत्रों में 46 कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया गया। ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में नियमों की अनदेखी पाए जाने पर 5 कोचिंग संस्थान सील किए गए। वहीं नोएडा के सेक्टर-16 और सेक्टर-18 में निरीक्षण के दौरान 2 कोचिंग सेंटर सील किए गए। सेक्टर-22 क्षेत्र में जांच के दौरान 2 संस्थानों को नोटिस जारी कर आवश्यक मानकों की पूर्ति तक संचालन न करने के निर्देश दिए गए।
उधर, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह के नेतृत्व में जेवर क्षेत्र के चार होटलों और गेस्ट हाउस का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान बालाजी गेस्ट हाउस को मौके पर ही सील कर दिया गया, जबकि तीन अन्य संस्थानों को नोटिस जारी किए गए।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अग्नि सुरक्षा, भवन सुरक्षा, मानव सुरक्षा, पंजीकरण एवं अन्य आवश्यक मानकों का पालन न करने वाले संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने सभी संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी के निर्देशन में यह विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
