सीएम योगी ने जेवर में रखी 6,785 करोड़ के निवेश से इलेक्ट्रॉनिक्स हब की नींव, बोले- जंगलराज अब मंगलराज बना

Sanchar Now
4 Min Read

नोएडा : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा के जेवर में शनिवार को दो कम्पनियों की आधारशिला रखी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पहले जेवर में जंगल राज था, अब मंगल राज है। उन्होंने कहा कि भारत मोबाइल के बाद इलेक्ट्रॉनिक कॉम्पोनेंट उत्पादन का हब बनेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर में ‘अंबर इंटरप्राइजेस’ और ‘एसेंट-के सर्किट्स’ ( Ascent-K Circuits) के इलेक्ट्रानिक्स मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में उन्होंने कहा कि, ‘भारत को इलेक्ट्रॉनिक हब के रूप में स्थापित करने के प्रधानमंत्री के विजन को प्रभावी रूप से जमीनी धरातल पर उतारने का प्रयास अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में प्रारंभ हुआ है।’

सेमीकंडक्टर आज की दुनिया की सबसे बड़ी ताकत

सीएम योगी ने कहा कि, ‘सेमीकंडक्टर आज की दुनिया की सबसे बड़ी ताकत है। इस ताकत का केंद्र बिंदु यह क्षेत्र बने। आज इलेक्ट्रॉनिक कम्पोनेंट के नए हब के रूप में इस क्षेत्र को स्थापित करने के लिए हमारे दोनों मंत्रियों ने जो रुचि ली, वह अद्भुत है। जो हम दुनिया से आयात करते हैं, वह हमारे यहां बने और उसको हम दुनिया को निर्यात करें। भारत को इलेक्ट्रॉनिक हब के रूप में विकसित करना है। आक्रामक रणनीति और प्रेरणादायी नेतृत्व के नाते ही आज उत्तर प्रदेश का कभी जंगल राज वाला कहलाने वाला जेवर आज मंगल राज के रूप में बदल गया है। ‘

6785 करोड़ रुपये का निवेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि, ‘जेवर को शानदार एयरपोर्ट की सौगात प्रधानमंत्री जी के कर कमलों से मिली है। उसने अब कॉमर्शियल फ्लाइट शुरू कर दी हैं। यहां निवेश के अनेक प्रस्ताव आ रहे हैं। आज जो शिलान्यास हो रहा है, यह 6785 करोड़ रुपये के निवेश का है। अंबर ग्रुप और कोरिया सर्किट का ज्वाइंट वेंचर बनाकर यह निवेश किया जा रहा है।’

पढ़ें  मायके से लौटी पत्नी ने पति को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा, आरोपी पति ने किया ये काम …

कोरिया से उत्तर प्रदेश का बहुत पुराना संबंध

मुख्यमंत्री योगी ने कहा, ‘कोरिया के साथ उत्तर प्रदेश का बहुत पुराना संबंध है। कोरिया के इतिहास में यह मान्यता है कि उनकी रानी क्वीन हो अयोध्या की राजकुमारी रत्ना थी, जो कि जलमार्ग से कोरिया पहुंची थीं। हम लोगों ने कोरिया की फर्स्ट लेडी के उत्तर प्रदेश आगमन के अवसर पर अयोध्या में एक पार्क भी क्वीन हो की स्मृति में बनाया है। वहां के एम्बेसडर स्वयं अयोध्या पधारे थे। वे स्मरण करके आज भी भावुक होते हैं और भारत के साथ एक आत्मीय संबंध भी जोड़ते हैं।’

योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘कैसी आक्रामक रणनीति हो, समर्पण का भाव हो और आत्मानुशासन हो, कैसे कोई देश इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग का हब बन सकता है, कोरिया इसका उदाहरण अतीत में बन चुका है। हमारा सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विजनरी लीडरशिप हम सबको प्राप्त हो रही है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में ही आज देश के अंदर तेजी के साथ विकसित हो रही भारत की अर्थव्यवस्था एक नए प्रतिमान को स्थापित कर रही है।’

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment