SIR के बाद भी मतदाता सूची में हजारों फर्जी वोट! भाजपा पर PDA आरक्षण घोटाले का आरोप, चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सपा ने उठाए सवाल

Sanchar Now
3 Min Read

संचार नाउ। समाजवादी पार्टी ने शनिवार को सेक्टर अल्फा-1 स्थित ग्रेटर नोएडा जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि मतदाता सूची को शुद्ध करने के लिए चलाए गए SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) अभियान के बावजूद गौतमबुद्ध नगर में हजारों फर्जी और डुप्लीकेट वोट मौजूद हैं, जिससे चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सपा के जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने कहा कि दादरी विधानसभा क्षेत्र में 20 हजार से अधिक, जेवर विधानसभा में 10 हजार से अधिक और नोएडा विधानसभा क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में फर्जी एवं डुप्लीकेट वोट पाए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि एक ही नाम, पता और पिता के नाम पर कई-कई वोट दर्ज हैं। उनका कहना था कि यदि SIR प्रक्रिया के बाद भी इतनी बड़ी संख्या में अनियमितताएं मौजूद हैं तो यह साबित करता है कि यह प्रक्रिया मतदाता सूची को सही करने के बजाय विपक्षी दलों के वोट कम करने के उद्देश्य से की गई।

सुधीर भाटी ने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के बेहतर प्रदर्शन के बाद भाजपा विधानसभा चुनावों को लेकर चिंतित है और इसी वजह से मतदाता सूची में गड़बड़ियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के पास संबंधित दस्तावेज मौजूद हैं और जल्द ही जिला निर्वाचन अधिकारी तथा चुनाव आयोग को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की जाएगी। कार्रवाई नहीं होने पर बड़े जनआंदोलन की चेतावनी भी दी गई।

पढ़ें  क्रांतिकारी किसान नेता विजय सिंह पथिक की जयंती पर 14 मार्च को ग्रेटर नोएडा में भव्य समारोह, केंद्रीय मंत्री समेत कई नेता होंगे शामिल

प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार पर आरक्षण में अनियमितता के आरोप भी लगाए गए। जिलाध्यक्ष ने कहा कि 69 हजार शिक्षक भर्ती, लेखपाल भर्ती, ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती, कृषि प्राविधिक सहायक भर्ती, वन एवं वन्यजीव रक्षक भर्ती, प्रवर्तन कांस्टेबल भर्ती, पशु चिकित्सक भर्ती और चिकित्सा अधिकारी भर्ती सहित कई चयन प्रक्रियाओं में आरक्षित वर्गों के अधिकारों की अनदेखी की गई है।

सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने कहा कि भाजपा सरकार पिछड़े, दलित और आदिवासी वर्गों को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षण व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है, जिससे पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज के युवाओं और अभ्यर्थियों में निराशा बढ़ रही है।

प्रेस वार्ता में फकीरचंद नागर, परमेंद्र भाटी एडवोकेट, विनोद लोहिया, नरेंद्र नागर, सुधीर तोमर, विक्रम टाइगर, डॉ. शशि यादव, अकबर खान, रामशरण नागर एडवोकेट, सुरेंद्र नागर, दीपक देवटा, विकास जतन भाटी, सुनील भाटी बदौली, देवेंद्र टाइगर एडवोकेट, अमन नागर, लाल सिंह गौतम, अनूप तिवारी, सीपी सोलंकी, देवेंद्र भाटी, विपिन कसाना, सुरेंद्र भाटी, अनिल नागर, अंजली श्रीवास्तव, भरत नागर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment