संचार नाउ। नोएडा में शादी के कुछ ही दिनों बाद एक नवविवाहिता ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए सेक्टर-113 थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि हनीमून के दौरान उसके साथ लगातार मारपीट की गई, होटल की सीढ़ियों से धक्का दिया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार महिला की शादी 30 अप्रैल 2026 को हुई थी। आरोप है कि शादी के अगले ही दिन से पति ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद दोनों हनीमून के लिए शिमला गए और फिर सिक्किम व दार्जिलिंग भी पहुंचे, लेकिन वहां भी पति का व्यवहार नहीं बदला।
महिला का आरोप है कि 9 मई को होटल में विवाद के दौरान पति ने उसे सीढ़ियों से धक्का दे दिया, जिससे उसके दोनों घुटनों, सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। पीड़िता का यह भी कहना है कि घटना के दौरान पति ने उसे जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह वह वहां से वापस नोएडा लौटी।
शिकायत के मुताबिक, नोएडा लौटने के बाद जब उसने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो पति ने फिर उसके साथ मारपीट की और धमकाया। इसके बाद आरोपी घर छोड़कर चला गया। महिला ने मेडिकल परीक्षण (एमएलसी) कराने के बाद सेक्टर-113 थाने में शिकायत दर्ज कराई।
सेक्टर-113 थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।
