पहली ही बारिश में धंसा 27.49 करोड़ का ओवरब्रिज, 12 जुलाई तक बंद रहेगा आवागमन

Sanchar Now
4 Min Read

शमसाबाद (फर्रुखाबाद)। फर्रुखाबाद-कायमगंज-दिल्ली मार्ग पर शुकुरुल्लापुर रेलवे क्रासिंग पर दो वर्ष पहले करीब 27.49 करोड़ रुपये की लागत से बना ओवरब्रिज इस वर्ष की पहली बरसात भी नहीं झेल पाया। इस पुल का एक ज्वाइंट धंस गया। इससे पुल से यातायात रोक दिया गया। इस पुल में कई खामियां शुरुआत से ही थी, यही कारण रहा कि इसे सेतु निगम द्वारा लोक निर्माण विभाग को हैंडओवर भी नहीं किया गया।

दो वर्ष में तीन से चार बार मरम्मत होने से आरओबी के निर्माण पर सवाल उठने लगे हैं। रेलवे ने क्षतिग्रस्त हुए ज्वाइंट की मरम्मत शुरू कराई है। यह कार्य 12 जुलाई तक चलेगा। इससे इस पुल से वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। तब तक यातायात बाया नवाबगंज-मंझना होते ही निकलेगा।

फर्रुखाबाद से कायमगंज होते हुए दिल्ली जाने वाले मार्ग पर शमसाबाद क्षेत्र में शुकुरुल्लापुर रेलवे क्रासिंग पर सेतु निगम ने ओवरब्रिज का निर्माण 2019 में शुरू किया था। इसका निर्माण 2024 में पूरा हो गया था। सेतु निगम ने इसे लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड को हैंडओवर करने की कार्रवाई शुरू की, लेकिन जांच में कई कमियां होने से हैंडओवर नहीं किया जा सका। इसके बावजूद सेतु निगम ने आरओबी से आवागमन शुरू करा दिया गया था।

रेलवे ट्रैक के ऊपर के हिस्से पर रेलवे विभाग ने निर्माण कराया था। जिसे बाद में दोनों तरफ बने ओवरब्रिज से जोड़ा गया था। बुधवार दोपहर में वर्षा के दौरान ट्रैक के ऊपर बने ओवरब्रिज का ज्वाइंट करीब चार धंस गया। इससे वहां पर ठोकर बन गई। कुछ जगह सड़क भी धंस गई है। इससे हादसा होने के डर से ओवरब्रिज से आवागमन बंद कर दिया गया है।

पढ़ें  चंदौली में दर्शन-पूजन करने आई किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, साथ आए युवकों को पेड़ से बांधा

रेलवे विभाग के ठेकेदार ने बुधवार को वहां कर्मचारी भेज कर ज्वाइंट की मरम्मत शुरू कराई। यह कार्य 12 जुलाई तक चलेगा। इससे ओवरब्रिज से आवागमन बंद रहेगा। इससे पहले भी दो बार ओवरब्रिज की मरम्मत हो चुकी है।

सेतु निगम के अधिशासी अभियंता राजेंद्र सिंह से संपर्क करने के लिए उनके मोबाइल नंबर पर कई बार संपर्क किया, लेकिन वह फोन काटते रहे। इससे बात नहीं हो सकी। लोक निर्माण खंड निर्माण के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि कुछ कमियां होने के कारण ओवरब्रिज को हैंडओवर नहीं लिया है। उसकी कितनी लागत थी, इसकी जानकारी नहीं हैं।

वाहनों का किया गया डायवर्जन

दिल्ली से कायमगंज होकर फर्रुखाबाद आने वाले वाहनों को हजियापुर तिराह से पुलिस ने डायवर्जन कर नवाबगंज से होकर निकाला है। वहीं फर्रुखाबाद से कायमगंज व दिल्ली जाने वाले वाहनों को हथियापुर से नवाबगंज होते हुए भेजा गया है। यह डायवर्जन 12 जुलाई तक रहेगा।

भोलेपुर ओवरब्रिज पर होता जलभराव

फतेहगढ़ – फर्रुखाबाद मुख्य मार्ग पर भोलेपुर में रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण कराया गया था, इसमें सड़क के दोनों ओर पानी निकासी के लिए छेद कराए गए थे, वह सड़क से दो से तीन इंच ऊंचाई पर है। इससे वर्षा होने पर पानी की निकासी नहीं होती है और पानी सड़क के दोनों ओर भरा रहता है। इससे पुल क्षतिग्रस्त होने की आशंका बनी हुई हैं। बुधवार को वर्षा होने पर रेलवे ट्रैक के ऊपर बने पुल की सड़क के दोनों ओर पानी भरा रहा।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment