आंगनबाड़ी-आशा कार्यकर्ताओं, छात्राओं, वकीलों को राहत की तैयारी, योगी सरकार का अनुपूरक बजट आज

Sanchar Now
3 Min Read

लखनऊ। अगले साल होने वाले विधान सभा चुनाव की तैयारियों में जुटी प्रदेश सरकार मंगलवार को लोक लुभावन अनुपूरक बजट पेश करेगी, जिसमें बड़ी आबादी को खुश करने की कोशिश नजर आएगी। आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं, रसोइयों व ग्राम चौकीदारों का मानदेय बढ़ाने का इंतजाम इसमें दिखेगा।

इसके साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की कई योजनाओं को अनुपूरक बजट से सींचा जा सकता है। युवाओं के लिए युवा समग्र विकास योजना नाम से नई योजना की घोषणा होने की उम्मीद है। अनुपूरक बजट का आकार 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक रहने का अनुमान है।

मंगलवार को दोपहर 12.20 बजे वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट विधान सभा में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना तथा विधान परिषद में नेता सदन केशव प्रसाद मौर्य प्रस्तुत करेंगे।

इससे पूर्व बजट प्रस्ताव को स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट की बैठक में स्वीकृत कराया जाएगा। चालू वित्तीय वर्ष के इस पहले अनुपूरक बजट से सरकार विधान सभा चुनाव की तैयारियों को गति देती नजर आएगी।

सूत्रों के अनुसार, अनुपूरक बजट में सरकार अपनी चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाने के लिए कई बड़े लक्ष्यों को साधने की कोशिश करती नजर आएगी। सड़क परियोजनाओं खासकर नये लिंक एक्सप्रेसवे और एक्सप्रेसवे परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए ठीकठाक धन की व्यवस्था दिख सकती है।

राज्य मार्गों के लिए भी बड़ी धनराशि जारी होने की उम्मीद है। गंगा और अन्य एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ हरियाली के साथ ही औद्योगिक विकास के लिए भी बहुत कुछ नजर आएगा।

बुंदेलखंड क्षेत्र में औद्योगिक विकास की योजनाओं को गति देने की कोशिश दिखेगी। धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में मथुरा और अन्य कुछ स्थलों के लिए धनावंटन किया जा सकता है। वकीलों को कैशलेस इलाज की सुविधा भी सरकार इस अनुपूरक के माध्यम से दे सकती है।

पढ़ें  माफिया को मिट्टी में मिलाने का संकल्प पूरा, अब संरक्षण देने…, मुख्तार अंसारी के इलाके में योगी की हुंकार

मुख्यमंत्री कृषक छात्रवृत्ति योजना में दो हजार रुपए बढ़ाने के लिए अतिरिक्त धनराशि का आवंटन होने की उम्मीद भी है। इन सबके साथ ही सरकार आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं, रसोइयों के साथ ही ग्राम चौकीदारों का मानदेय बढ़ाने के लिए धनराशि आवंटित कर सकती है।

मूल बजट के थीम को भी आगे बढ़ाएगी सरकार

पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रदेश सरकार ने 8.08 लाख करोड़ रुपये का मूल बजट तथा 24,496 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया था।

चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में सरकार ने 9.12 लाख करोड़ रुपये का मूल बजट 11 फरवरी को पेश किया था, जिसे सुरक्षित नारी, सक्षम युवा, खुशहाल किसान जैसे थीम पर केंद्रित किया गया था।

मंगलवार को पेश किए जाने वाले इस वित्तीय वर्ष के पहले अनुपूरक बजट से सरकार मूल बजट की थीम को भी आगे बढ़ाती नजर आएगी।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment