ग्रेटर नोएडा: डॉग फीडिंग पॉइंट को लेकर सोसायटियों के अंदर होने वाले विवाद खत्म करने और सहमति से पॉइंट तय करने के लिए ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने मोर्चा संभाला है। हर गुरुवार को अथॉरिटी पहले तय सोसायटी में सभी पक्षों के साथ बैठक कर स्थान तय करेगी।
ग्रेटर नोएडा के सेक्टरों और सोसायटियों में स्ट्रे डॉग की समस्या नियमित तौर पर अथॉरिटी के पास आती रहती है। कई बार विवाद सोसायटीवासियों/सेक्टरवासियों के बीच कानूनी लड़ाई तक पहुंच जाता है।
हर गुरुवार को होगी बैठक
सीईओ एनजी रवि कुमार ने इसको खत्म करने के लिए सहमति से फीडिंग पॉइंट बनाने की पहल की है। अब हर गुरुवार को अथॉरिटी के स्वास्थ्य विभाग की तरफ से बैठक होगी। महाप्रबंधक आरके भारती की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, थानाध्यक्ष, जिला पशु क्रूरता निवारण समिति, अथॉरिटी के पशु चिकित्सक, एचसीएल फाउंडेशन, एओए या एस्टेट मैनेजर और डॉग फीडर भी शामिल होंगे। इसकी शुरुआत हो चुकी है। अब तक 3 बैठकें सेवियर ग्रीन आर्च, पार्श्वनाथ पैनोरमा और महागुन माइवुड सोसायटी में हो चुकी है।
किस दिन होगी किन सोसायटियों में बैठक
अथॉरिटी के प्लानिंग के मुताबिक, 13 अगस्त को हिमालया प्राइड, 20 अगस्त को जेपी ग्रींस, 27 अगस्त को येस सिटी, 3 सितंबर को एआईजी पार्क एवेन्यू, 10 सितंबर को एटीएस ग्रीन पैराडिसो, 17 सितंबर को आम्रपाली गोल्फ होम, 24 सितंबर को एनटीपीसी आनंदम, 1 अक्टूबर को पटेल नियो टाउन, 8 अक्टूबर को अफॉर्डेबल हाउसिंग सोसाइटी, 15 अक्टूबर को निंबस एक्सप्रेस पार्क व्यू-2, 22 अक्टूबर को ग्रीनवुड गवर्नमेट वेलफेयर सोसायटी और 29 अक्टूबर को सेंचुरियन पार्क में बैठक होगी।
31 दिसंबर तक चलेगी बैठक
इसके बाद 5 नवंबर को अर्थकान कासा ग्रैंड-2, 12 नवंबर को ड्रीम वैली विला, 19 नवंबर को लोटस विला, 26 नवंबर को सुपरटेक ईको विलेज-1, 3 दिसबर को स्ट्रैटेजिक रॉयल कोर्ट, 10 दिसंबर को जेकेजी पाम कोर्ट, 17 दिसंबर को पंचशील, 24 दिसंबर को श्री राधा स्काई गार्डन और 31 दिसंबर को अंतरिक्ष गोल्फ लिक सोसाइटी के साथ बैठक आयोजित की जाएगी।
1200 डॉग फीडिंग पॉइंट विकसित करने की योजना
ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने बताया कि शहर में 1200 डॉग फीडिंग पॉइंट विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है। इन स्थानों पर डॉग फीडर्स तय समय पर आवारा कुत्तों को भोजन करा सकेंगे। अथॉरिटी का मानना है कि निर्धारित स्थानों पर भोजन मिलने से कुत्तों के व्यवहार को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और आवारा कुत्तों के बीच टकराव की घटनाओं मे कमी आएगी। अथॉरिटी और सोसायटियों के बीच डॉग फीडिंग पॉइट बनाने के लिए बैठकें हो रही हैं। बैठक के जरिए सभी सोसायटी में डॉग फीडिंग पॉइट निर्धारित करने और आपसी विवादों को सुलझाने में भी मदद मिलेगी।
