संचार नाउ। रोटरी क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा द्वारा आयोजित तीज महोत्सव रंग-बिरंगे परिधानों, पारंपरिक उत्साह और सांस्कृतिक आयोजनों के बीच धूमधाम से मनाया गया। स्वर्ण नगरी स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में क्लब की महिला सदस्यों ने तीज पर्व की परंपराओं को पूरे उत्साह के साथ निभाते हुए गीत-संगीत, नृत्य, झूला और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया।
इस मौके पर क्लब की प्रथम महिला तरूणा गर्ग ने बताया कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी तीज महोत्सव का आयोजन विशेष उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सजकर भाग लिया और तीज की खुशियों को एक-दूसरे के साथ साझा किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता, पारिवारिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति को आगे बढ़ाने का माध्यम बनते हैं।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रो. स्वाति गुप्ता ने सभी महिलाओं को तीज पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना की। वहीं विशिष्ट अतिथि सुनीता शर्मा और हिमानी वार्ष्णेय ने भी महिलाओं के उत्साह की सराहना करते हुए इस तरह के सांस्कृतिक आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
सुधा शर्मा ने जानकारी दी कि कार्यक्रम में महिलाओं ने मेहंदी रचाकर, पारंपरिक श्रृंगार के साथ हिस्सा लिया। बच्चों के लिए भी विशेष मनोरंजन की व्यवस्था की गई, जिससे उन्होंने भी कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया। उपस्थित सभी लोगों ने स्वादिष्ट चाट और विभिन्न व्यंजनों का भी लुत्फ उठाया।
कार्यक्रम का सफल संचालन युक्ति बंसल और अवनी गर्ग ने किया। इस अवसर पर ऋतु जैन, पूजा शर्मा, प्रीति राठी, सरिता शर्मा, सुनीता कसाना, प्रीति अग्रवाल, अंजलि बंसल, शीतल गर्ग, निधि गर्ग, अनीता आर्य, मेघा गोयल सहित बड़ी संख्या में रोटेरियन स्पाउसेज और महिला सदस्य मौजूद रहीं। पूरे आयोजन में पारंपरिक संस्कृति, आपसी सौहार्द और उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिला।
