3 साल से बिना वीजा ग्रेटर नोएडा में जमाया था डेरा, पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिक को दबोचा

Sanchar Now
3 Min Read

ग्रेटर नोएडा: दनकौर थाना पुलिस ने जेवर इलाके की एक सोसाइटी से नाइजीरियाई मूल के एक विदेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, उसका वीजा करीब तीन साल पहले ही समाप्त हो चुका था, इसके बावजूद वह ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-22 डी स्थित एक सोसाइटी में रह रहा था। शुक्रवार दोपहर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

2023 में खत्म हो गया था वीजा

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार विदेशी नागरिक की पहचान डेस्टिनी के रूप में हुई है। उसका वीजा 1 सितंबर 2023 को समाप्त हो गया था। इसके बावजूद वह सोसाइटी में रह रहा था।

गुरुवार देर रात करीब 12 बजे पुलिस को उसके सोसाइटी में मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सोसाइटी के बाहर टहल रहे डेस्टिनी को पुलिस ने रोककर उसका पासपोर्ट और वीजा जांचा। जांच में वीजा की अवधि समाप्त मिलने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

सोसाइटी के लोग कर रहे थे सत्यापन की मांग

बताया गया कि सोसाइटी में रहने वाले लोग पिछले कुछ समय से यहां रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और दस्तावेजों का सत्यापन कराने की मांग कर रहे थे।

स्थानीय लोगों का कहना था कि कुछ विदेशी नागरिक वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी सोसाइटी में रह रहे हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें एक विदेशी व्यक्ति पुलिस की जांच से बचने के लिए कथित तौर पर आठवीं मंजिल से नीचे उतरता हुआ दिखाई दे रहा था।

पढ़ें  मथुरा से साली के नोएडा लाया जीजा, रेंट पर लिया कमरा, अगले दिन दोनों ने खाया जहर

इस घटना के बाद पुलिस ने सोसाइटी और आसपास रहने वाले विदेशी नागरिकों के सत्यापन की कार्रवाई तेज कर दी।

दूतावास को भी दी गई जानकारी

दनकौर कोतवाली इंचार्ज मनोज कुमार ने बताया कि पकड़े गए विदेशी नागरिक को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले की जानकारी संबंधित दूतावास को भी दी गई है।

पुलिस के मुताबिक, इलाके में रहने वाले विदेशी नागरिकों के दस्तावेजों और पहचान के सत्यापन का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment