यमुना प्राधिकरण ने सेक्टर-32 में विकसित की 6 एकड़ की ग्रीन बेल्ट, 21 हजार पौधों से संवरेगा औद्योगिक क्षेत्र

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र को हरा-भरा एवं स्वच्छ बनाने की दिशा में यमुना प्राधिकरण ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-32 में Avery Dennison कंपनी के साथ मिलकर करीब 6 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की गई ग्रीन बेल्ट का गुरुवार को लोकार्पण किया गया। इसका लोकार्पण प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने किया।

यमुना प्राधिकरण के द्वारा इस ग्रीन बेल्ट में करीब 21 हजार पौधों का रोपण किया गया है। साथ ही पूरे क्षेत्र को आकर्षक एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए लॉन भी विकसित किया गया है। ग्रीन बेल्ट रोड लेवल से नीचे होने के कारण जलभराव की समस्या से बचाव के लिए यहां रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा जनमानस के टहलने के लिए लगभग 90 मीटर लंबा एवं 3 मीटर चौड़ा वॉकिंग ट्रैक भी तैयार किया गया है।

यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि ग्रीन बेल्ट में मियावाकी वृक्षारोपण के साथ विभिन्न प्रकार के फूलदार और छायादार पौधे लगाए गए हैं, जिससे क्षेत्र की हरियाली और सुंदरता बढ़ेगी। प्राधिकरण के मुताबिक यह ग्रीन बेल्ट आमजन के लिए खुली रहेगी और भविष्य में आसपास के क्षेत्र को भी हरित एवं विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। यह ग्रीन बेल्ट Give Me Trees संस्था के सहयोग से Avery Dennison कंपनी के लिए विकसित की गई है। कंपनी की ओर से निकट भविष्य में आसपास के गोल चक्कर को भी विकसित किए जाने की इच्छा जताई गई है।

कार्यक्रम में उपनिदेशक उद्यान आनंद मोहन सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक उद्यान डॉ. आरती सिंह सहित Avery Dennison के अधिकारी और प्राधिकरण के कर्मचारी मौजूद रहे। यमुना प्राधिकरण ने वर्ष 2026-27 में 77,007 पौधों के लक्ष्य के सापेक्ष कुल 1.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। कार्यक्रम के दौरान लोगों को पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार के प्रति जागरूक भी किया गया।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment