ग्रेटर नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस के सर्विलांस सेल ने मिशन सहयोग के तहत गुम हुए 104 कीमती स्मार्टफोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये है। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और केंद्र सरकार के केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल की मदद से मोबाइल को ट्रेस किया।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने बताया कि सर्विलांस सेल ने ग्रेटर नोएडा जोन के विभिन्न थानों में दर्ज मोबाइल गुमशुदगी की शिकायतों पर कार्रवाई की। टीम ने मोबाइल के तकनीकी विवरण, लोकेशन और इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी का विश्लेषण कर उन्हें बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, अधिकांश मोबाइल भीड़भाड़ वाले स्थानों, साप्ताहिक बाजारों और सार्वजनिक जगहों पर गुम हुए थे। कुछ मोबाइल दोपहिया वाहन चलाते, टहलते समय या यात्रा के दौरान गिर गए थे। कई लोग ऑटो, टैक्सी, बस, मेट्रो और ई-रिक्शा में मोबाइल भूल गए थे। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने तकनीकी माध्यमों से मोबाइल की तलाश शुरू की और अलग-अलग कंपनियों के 104 स्मार्टफोन बरामद किए। सत्यापन के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार जताया।
