हैदराबाद: गणेश विसर्जन से लौटते वक्त इनोवा कार हादसे का शिकार, चार लोगों की मौत

Sanchar Now
2 Min Read

हैदराबाद: तेलंगाना के शमशाबाद में NH-44 पर एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया. यह हादसा पलामकुला गांव के पास हुआ. मृतकों की पहचान बिजनेसमैन केथावत लिम्ब्या (54), उनकी पत्नी केथावत जमुना (45), कत्रावत मानसिंह (48), और केथावत वासराम (45) के रूप में हुई है.

शमशाबाद पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना तब हुई जब मृतक और उनके परिवार के सदस्य गणेश विसर्जन के बाद महबूबनगर जिले में अपने पैतृक गांव से चार पहिया गाड़ी में सवार होकर शमशाबाद आ रहे थे. पुलिस ने बताया कि गाड़ी में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.

पुलिस के अनुसार, गाड़ी का ड्राइवर, जिसकी पहचान सबावत अशोक के तौर पर हुई है, एक्सीडेंट में गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे शमशाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया.

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश में जुट गई है.

मॉर्निंग वॉक के दौरान वाहन ने मारी टक्कर, मौत

इस बीच, महाराष्ट्र के पुणे में एक अलग घटना में, शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान एक तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से 48 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई. पुणे सिटी पुलिस के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 7 बजे DRDO रोड पर, पाषाण इलाके में नेकलेस गार्डन के पास हुई. मृतक की पहचान वीरेंद्र राघवेंद्र प्रसाद द्विवेदी (48) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मध्य प्रदेश के रहने वाले थे. वीरेंद्र पाषाण इलाके में विवेकानंद सोसायटी में रहते थे.

पढ़ें  इंडियन ओपन एथलेटिक्स मीट 2025 में बिहार के तीन खिलाड़ी इंटरनेशनल कैंप के लिए क्वालीफाई

पुलिस ने बताया कि वीरेंद्र रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी एक अज्ञात ड्राइवर ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी. गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई. मृतक के भाई की शिकायत के बाद, पुलिस ने मामला दर्ज किया. भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 106(1) और 281 के साथ-साथ मोटर वाहन अधिनियम की धाराओं 184, 177 और 197 के तहत केस दर्ज किया गया है.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment