ग्रेटर नोएडा के दादरी में जीटी रोड पर सीएनजी भरवाने के दौरान बाइक सवार दो बदमाश कार से 25 लाख रुपए से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
खुर्जा निवासी अनिल प्राइवेट बैंकों के एटीएम में पैसे डालने का काम करते हैं। वह बैंक से करीब 25 लाख रुपए निकालकर घर जा रहे थे। रास्ते में सीएनजी पंप पर कार रोकते ही दो बाइक सवार बदमाश बैग लेकर भाग गए।
बैग नहीं मिलने पर अनिल ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। स्थानीय पुलिस और एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस सीएनजी पंप और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है। संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस बदमाशों के आने और भागने की दिशा का पता लगा रही है।
