संचार नाउ। उत्तर प्रदेश के कारोबार और उद्योग जगत के लिए ग्रेटर नोएडा एक बार फिर वैश्विक मंच बनने जा रहा है। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 सितंबर से यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) 2026 का चौथा संस्करण शुरू होगा। पांच दिन तक चलने वाले इस आयोजन में 2,400 से अधिक प्रदर्शक अपने उत्पाद और सेवाएं पेश करेंगे, जबकि 85 देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
दरअसल, यूपीआईटीएस 2026 को सिर्फ कारोबारी प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रखा गया है। यहां उत्तर प्रदेश के एमएसएमई, ओडीओपी, कृषि, हस्तशिल्प, टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग, तकनीक और आधुनिक उद्योगों के साथ प्रदेश की संस्कृति और खान-पान भी दुनिया के सामने आएगा। एमएसएमई विभाग के मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि ट्रेड शो प्रदेश के उद्यमियों और निर्माताओं को वैश्विक बाजारों से जोड़ने के साथ निवेश, निर्यात, तकनीकी सहयोग और रोजगार के नए अवसर तैयार करने का माध्यम बनेगा।
85 देशों से आएंगे कारोबारी, छह देश होंगे पार्टनर
इस बार यूपीआईटीएस का अंतरराष्ट्रीय दायरा और व्यापक किया गया है। ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम पार्टनर देशों के रूप में शामिल होंगे। अब तक 72 देशों से विदेशी खरीदारों के पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं। एफआईईओ के होस्टेड बायर प्रोग्राम के जरिए आयातकों, वितरकों, रिटेलर्स, सोर्सिंग एजेंट्स और प्रोक्योरमेंट प्रमुखों को प्रदर्शकों से जोड़ने की तैयारी है।
1.5 लाख से ज्यादा बीटूबी विजिटर्स की उम्मीद
आयोजकों के मुताबिक यूपीआईटीएस 2026 में 1.5 लाख से अधिक बीटूबी ट्रेड विजिटर्स और 4.5 लाख से अधिक सामान्य आगंतुक पहुंच सकते हैं। बीटूबी मैचमेकिंग, नेटवर्किंग और बिजनेस सेशंस के जरिए खरीदारों और प्रदर्शकों के बीच सीधे कारोबारी संवाद का रास्ता तैयार किया जाएगा। यूपीआईटीएस ऐप के जरिए बैठकों की डिजिटल प्लानिंग और बिजनेस अवसरों की पहचान भी की जा सकेगी।
‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूज़ीन’ से दिखेगा यूपी का स्वाद
इस बार कारोबार के साथ उत्तर प्रदेश की पाक विरासत भी खास आकर्षण होगी। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ के साथ ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूज़ीन’ को विशेष पहचान दी गई है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजन, स्थानीय पाक विधियां और खाद्य विरासत यहां देश-विदेश से आने वाले लोगों के सामने प्रस्तुत की जाएगी।
ऑटोमोबाइल से एआई तक, एक छत के नीचे कई सेक्टर
ट्रेड शो में कृषि और संबद्ध क्षेत्र से लेकर ऑटोमोबाइल, ईवी, रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, स्मार्ट सिटी, फूड प्रोसेसिंग, एफएमसीजी, हैंडलूम, हस्तशिल्प, टेक्सटाइल, फार्मास्यूटिकल्स, मेडिकल इक्विपमेंट, इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग, पर्यटन, रिन्यूएबल एनर्जी, लॉजिस्टिक्स, रिटेल और शिक्षा-कौशल विकास जैसे क्षेत्रों की भागीदारी होगी।
ज्ञान और मनोरंजन के कार्यक्रम भी होंगे आकर्षण
यूपीआईटीएस में कारोबारी बैठकों के साथ नॉलेज सेशंस और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल ट्रेड, फूड प्रोसेसिंग, एमएसएमई और ग्लोबल फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा लाइव परफॉर्मेंस, अवॉर्ड्स, फैशन शो और लेजर शो भी आयोजित किए जाएंगे।
2025 में 5 लाख से ज्यादा पहुंचे थे आगंतुक
पिछले संस्करण ने भी बड़ी संख्या में लोगों को आकर्षित किया था। वर्ष 2025 में यूपीआईटीएस में 5,07,099 आगंतुक पहुंचे थे, जिनमें 1,40,735 बीटूबी विजिटर्स शामिल थे। 35 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में 2,228 प्रदर्शकों ने हिस्सा लिया था। आधिकारिक यूपीआईटीएस प्लेटफॉर्म के अनुसार, 2025 में 2,400 से अधिक एमओयू से जुड़े करीब 1,882 करोड़ रुपये मूल्य के समझौते और 11,200 करोड़ रुपये से अधिक की बिजनेस इन्क्वायरी दर्ज की गई थी।
29 सितंबर तक चलेगा यूपीआईटीएस 2026
यूपीआईटीएस 2026 की थीम “अल्टीमेट सोर्सिंग बिगिन्स हियर…” रखी गई है। आयोजन 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में चलेगा। बिजनेस आवर्स सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक और पब्लिक आवर्स दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक रहेंगे। उत्तर प्रदेश सरकार और इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड की ओर से आयोजित यह ट्रेड शो प्रदेश के कारोबार, उत्पादों और उद्यमियों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की दिशा में केंद्रित रहेगा।
