संचार नाउ। यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद अलीगढ़ के टप्पल क्षेत्र में करीब 30 हेक्टेयर जमीन को कब्जामुक्त कराया है। बाजार दर के हिसाब से इस जमीन की अनुमानित कीमत करीब 400 करोड़ रुपये बताई गई है। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से टप्पल क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और गति मिलने के संकेत हैं।
दरअसल, प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देश और अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारियों राजेश कुमार एवं शैलेंद्र सिंह के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण, राजस्व विभाग और स्थानीय पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 3 लाख वर्ग मीटर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया।
संयुक्त टीम ने संभाला मोर्चा
अभियान में प्राधिकरण के भूलेख एवं प्रोजेक्ट विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ राजस्व विभाग और स्थानीय पुलिस बल शामिल रहा। टीम ने मौके पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए चिन्हित भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाया। पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी के चलते अभियान को व्यवस्थित तरीके से पूरा किया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्रवाई के दौरान विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह (आईएएस), शिव अवतार सिंह, उप जिलाधिकारी हरी प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी अभिषेक शाही, उप जिलाधिकारी कृष्ण गोपाल त्रिपाठी और तहसीलदार मनोज कुमार सिंह समेत प्राधिकरण एवं राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।
अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जे पर सख्ती
यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी तरह का अवैध कब्जा, अवैध निर्माण या अनधिकृत विकास स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्राधिकरण के मुताबिक नियोजित और सुनियोजित विकास को बनाए रखने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी प्रवर्तन अभियान जारी रहेगा।
400 करोड़ की जमीन हुई कब्जामुक्त
आज की कार्रवाई में करीब 30 हेक्टेयर यानी 3 लाख वर्ग मीटर भूमि को अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। प्राधिकरण के अनुसार बाजार दर के आधार पर इस भूमि का मूल्य करीब 400 करोड़ रुपये है। कार्रवाई को अधिसूचित क्षेत्र में जमीन के संरक्षण और नियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
