गोविंदा और कोमल रानी स्वर्णकार के कथित अफेयर की चर्चाओं ने अब नया मोड़ ले लिया है। 56 साल की एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर सुनीता आहूजा को लेकर संगीन और सनसनीखेज दावे किए हैं। कोमल बीते दिनों गोविंदा के साथ लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंची थीं। दोनों की तस्वीरों और वीडियोज ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं। इसके ठीक बाद सुनीता आहूजा भी दक्षिणेश्वर काली मंदिर गईं। उन्होंने अपनी यात्रा के एक वीडियो में कहा, ‘मेरा घर बिना किसी वजह के टूट रहा है।’ अब कोमल रानी ने सुनीता पर पलटवार करते हुए लिखा है, ‘जो घर पहले से ही टूटा हुआ हो, उसे कोई और नहीं तोड़ सकता।’ यही नहीं, यह भी दावा किया है कि सुनीता ‘अपने पति को मारने की कोशिश कर रही।’
कोमल रानी असल में गोविंदा की अपकमिंग फिल्म ‘रूपा’ की एक्ट्रेस हैं। हालांकि, बीते कुछ महीनों में दोनों जिस तरह हमेशा साथ दिखे हैं, उसके बाद से अफेयर की चर्चा भी उड़ने लगी है। अब पहली बार कोमल रानी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर इसको लेकर चुप्पी तोड़ी है और एक लंबा नोट लिखा है। आरोप लगाया है कि सुनीता ने उनके खिलाफ साजिश रची।
कोमल रानी बोली- ऐसी औरत की बद्दुआएं किसी को नहीं लगतीं
कोमल रानी लिखती हैं, ‘जो औरत सालों से अपने ही पति की जान लेने की कोशिश कर रही हो, ऐसी औरतों की बद्दुआएं किसी को नहीं लगतीं। जो घर पहले से ही टूटा हुआ हो, उसे कोई और नहीं तोड़ सकता। हमारे देश के लोग इतने बेवकूफ नहीं हैं कि किसी के कहने पर कि ‘कौआ तुम्हारा कान ले गया’, वे कौए के पीछे भागने लगेंगे। मुझे समझ नहीं आता कि एक महिला किस तरह के दर्द से गुजर रही है, जहां उसे ठीक करने की कोशिश करने के बजाय, वह उसे सबके सामने दिखाने में लगी है। क्या यह सच में दर्द है या यह सोच-समझकर रची गई कोई साजिश है?’
कोमल रानी का दावा- गोविंदा को मानसिक रूप से परेशान करती हैं सुनीता आहूजा
यूपी में पैदा हुईं कोमल रानी स्वर्णकार आगे लिखती हैं, ‘किसी आदमी को लगातार मानसिक रूप से परेशान करना, उसे काम करने से रोकना, उसे घर पर बैठने और बर्बाद होने के लिए मजबूर करना, उसे पूरी तरह अलग-थलग कर देना और उसे मौत के कगार पर पहुंचा देना। मुझे नहीं लगता कि कोई अच्छी और समर्पित पत्नी अपने पति के साथ इतना बुरा बर्ताव कर सकती है।’
कोमल रानी ने कहा- ऐसी महिलाएं मानिसक रूप से बीमार या बहुत चालाक
कोमल रानी ने आखिर में लिखा, ‘क्या ऐसी महिलाएं मानसिक रूप से बीमार होती हैं, या वे बस बहुत चालाक होती हैं और अच्छी तरह जानती हैं कि जो काम वे बंद दरवाजों के पीछे नहीं कर पाईं, उसे सबके सामने आकर और लोगों की सहानुभूति हासिल करके कर सकती हैं? अपने एजेंडे को पूरा करने के लिए मेरा नाम इस्तेमाल करना बंद करें। भगवान हर भले आदमी को ऐसी चालाक औरतों से बचाए।’
गोविंदा और कोमल रानी के अफेयर की चर्चा कब शुरू हुई
इस साल की शुरुआत में गोविंदा और कोमल रानी के बारे में पहली बार कथित अफेयर की चर्चा तब शुरू हुई, जब दोनों मुंबई एयरपोर्ट पर एकसाथ नजर आए। हालांकि, दोनों के बीच कथित रोमांटिक रिश्ते की खबरें अभी भी सिर्फ अफवाहें ही हैं, क्योंकि किसी ने भी इसकी पुष्टि नहीं की है। दूसरी ओर, गोविंदा और सुनीता आहूजा ने साल 1987 में की थी। उनके दो बच्चे हैं – बेटी टीना आहूजा और बेटा यशवर्धन आहूजा। सुनीता ने बीते कुछ महीनों में कई बार अपनी शादी के बारे में बात की है। उन्होंने कुछ महीने पहले गोविंदा से तलाक की अर्जी भी दी थी, जो अब उन्होंने वापस ले लिया है।
