संचार नाउ। इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (आईईएमएल) ने अपनी 25 वर्षों की विकास यात्रा पूरी करते हुए वार्षिक आम बैठक में कंपनी की उपलब्धियों, वित्तीय प्रदर्शन और भविष्य की दिशा पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। 30 सितंबर 2026 को आयोजित 25वीं वार्षिक आम बैठक में प्रदर्शनी, इवेंट मैनेजमेंट, हॉस्पिटैलिटी और स्वामित्व वाले इवेंट आईईएमईएल को एकीकृत मंच के रूप में विकसित करने की कंपनी की यात्रा को रेखांकित किया गया।
दरअसल, कंपनी के मुताबिक वित्त वर्ष 2025-26 में स्टैंडअलोन आधार पर आय 2,766.56 मिलियन रुपये रही, जबकि कर-पश्चात लाभ 363.65 मिलियन रुपये दर्ज किया गया। बैठक में सदस्यों ने लेखापरीक्षित वित्तीय विवरणों को सर्वसम्मति से स्वीकार किया। कंपनी के ऑडिटर ने भी वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अपनी रिपोर्ट में किसी प्रतिकूल टिप्पणी के बिना वित्तीय विवरणों की शुद्धता की पुष्टि की।
शेयरधारकों को 25 प्रतिशत लाभांश
कंपनी ने अपने निवेशकों के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणा की। 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्तीय वर्ष के लिए 25 प्रतिशत लाभांश घोषित किया गया है। इसका अर्थ है कि प्रत्येक 5 रुपये अंकित मूल्य वाले शेयर पर 1.25 रुपये का लाभांश शेयरधारकों को मिलेगा।
निदेशक मंडल में बदलाव
वार्षिक आम बैठक में कंपनी के निदेशक मंडल में भी बदलाव किए गए। सुधीर कुमार त्यागी और राज कुमार मल्होत्रा को गैर-कार्यकारी निदेशक के रूप में पुनर्नियुक्त किया गया। वहीं वीरेन्द्र कुमार बागानी को गैर-कार्यकारी स्वतंत्र निदेशक के रूप में दूसरा कार्यकाल प्रदान किया गया। इसके अलावा राजेश कुमार झंझारिया को भी स्वतंत्र निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया।
आईईएमएल का लगातार विस्तार
आईईएमएल के मुताबिक कंपनी वर्तमान में ‘इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट’ के तहत एकीकृत प्रदर्शनी एवं कन्वेंशन सेंटर संचालित करती है। इसमें 17 प्रदर्शनी हॉल और 78,511 वर्ग मीटर का प्रदर्शनी क्षेत्र उपलब्ध है। कंपनी ने इस मंच के जरिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शनी एवं व्यावसायिक आयोजनों को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
