शामली में हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन फरार आरोपियों को भगोड़ा घोषित कर दिया है। करनाल के सत्यम कादियान, आर्यन संधु और गोगी गैंग से जुड़े राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित है। तीनों के खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, कुर्की नोटिस चस्पा होने के बाद भी आरोपी न तो गिरफ्तार हुए और न ही न्यायालय में पेश हुए। अब न्यायालय की अनुमति लेकर उनकी चल-अचल संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी।
अंकित बालियान शामली के बाबरी क्षेत्र के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले थे। 26 अगस्त की शाम शहर में आर्यपुरी नाला पटरी पर गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी। मामले में अंकित के पिता सतबीर फौजी ने शहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। हत्या के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई स्तर पर कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान सामने आए संदिग्धों और शूटरों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश देती रहीं।
मुठभेड़ में दो शूटर मारे गए थे
हत्याकांड के पांच दिन बाद 31 अगस्त की सुबह कैराना रोड पर पुलिस और शूटरों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इसमें सुमित और मोहित नाम के दो आरोपी मारे गए थे। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसके बाद पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी। सत्यम कादियान, आर्यन संधु और राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
कुर्की नोटिस के बाद भी नहीं आए सामने
एसपी एनपी सिंह के मुताबिक, तीनों वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर न्यायालय की अनुमति से उनके घरों पर कुर्की नोटिस चस्पा किए गए थे। नोटिस के बावजूद तीनों न तो पुलिस के सामने पेश हुए और न ही न्यायालय में हाजिर हुए। इसके बाद उन्हें भगोड़ा घोषित किया गया है। विवेचक एवं शहर कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र गौतम की ओर से तीनों के खिलाफ शहर कोतवाली में अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
एक-एक लाख का इनाम, संपत्ति होगी कुर्क
पुलिस ने तीनों फरार आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। एसपी ने बताया कि अगर आरोपी अब भी गिरफ्तार नहीं होते या न्यायालय में पेश नहीं होते हैं तो कोर्ट से अनुमति लेकर उनकी चल-अचल संपत्ति कुर्क की जाएगी। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
