संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा में अवैध निर्माण और जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ प्राधिकरण ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को ग्राम पुराना हैबतपुर के डूब क्षेत्र में अभियान चलाकर करीब 40 हजार वर्ग मीटर जमीन पर किए जा रहे अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। एनजीटी के आदेश पर हुई इस कार्रवाई से अवैध रूप से कॉलोनी बसाने की तैयारी कर रहे कॉलोनाइजरों को बड़ा झटका लगा है।
प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने परियोजना विभाग को निर्देश दिए हैं कि अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण और जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे और अनधिकृत निर्माण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बाउंड्री बनाकर जमीन कब्जाने की थी तैयारी
परियोजना विभाग के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि ग्राम पुराना हैबतपुर के डूब क्षेत्र में लगभग 40 हजार वर्ग मीटर जमीन पर कुछ कॉलोनाइजर अवैध कॉलोनी बसाने की फिराक में थे। इसके लिए जमीन पर बाउंड्री बनाकर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। सूचना मिलने पर प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
पुलिस बल के सहयोग से चला बुलडोजर
अतिक्रमण हटाओ अभियान का नेतृत्व कर रहे प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव के निर्देश पर परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-1 के वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। इसमें प्रबंधक प्रशांत समाधिया सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कराया गया। साथ ही दोबारा अतिक्रमण करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
जमीन खरीदने से पहले करें जांच, प्राधिकरण की अपील
एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति किसी भी प्रकार का निर्माण करना अवैध है। ऐसे निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि सस्ते प्लॉट और कॉलोनी का लालच देकर लोगों को फंसाने वाले कॉलोनाइजरों के झांसे में न आएं। जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से संपर्क कर उसकी वैधानिक स्थिति और संबंधित दस्तावेजों की पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि जीवनभर की कमाई अवैध जमीन में फंसने से बचाई जा सके।
