बस्ती: यूपी के बस्ती से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने श्रद्धालुओं और बाबा के समर्थकों को चिंता में डाल दिया है. कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा बस्ती में कराने की मांग को लेकर चर्चा में आए ‘पैड़ा वाले बाबा’ गोविंद दास ने आश्रम में फेसबुक लाइव के दौरान कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया. हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया.
बताया जा रहा है कि बाबा पिछले करीब छह महीने से कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा बस्ती में आयोजित कराने के लिए प्रयास कर रहे थे. इसी सिलसिले में उन्होंने कई बार संपर्क किया और कथा की तारीख तय कराने की कोशिश की. लकिन कथा आयोजन को लेकर उनकी कोशिशें पूरी नहीं हो सकीं. इसी बीच आश्रम में फेसबुक लाइव के दौरान उनके द्वारा कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाए जाने की खबर सामने आई. घटना के बाद आश्रम में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई.
जहरीला पदार्थ खाने के बाद गोविंद दास की हालत बिगड़ गई. आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. घटना के बाद उनके समर्थक और श्रद्धालु चिंतित हैं. बताया जा रहा है कि फेसबुक लाइव के दौरान गोविंद दास ने बस्ती में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा कराने के लिए किए गए अपने प्रयासों का जिक्र किया.
उन्होंने दावा किया कि वह एक महीने तक पैदल चलकर बागेश्वर धाम पहुंचे थे और कथा आयोजन को लेकर उन्हें आश्वासन भी मिला था, लेकिन अब तक तारीख तय नहीं हो सकी. लाइव के दौरान उन्होंने बीजेपी नेता मनीष मिश्रा का भी नाम लिया. गोविंद दास के मुताबिक, नवंबर में मनीष मिश्रा की ओर से धीरेंद्र शास्त्री की कथा कराने की बात कही गई है. उन्होंने अपील की कि उनके न रहने पर मनीष मिश्रा कथा का आयोजन कराएं.
