ओजी गांजा तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश, नेपाल से लाकर एनसीआर में करते थे सप्लाई

Sanchar Now
4 Min Read

नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 500 ग्राम ओजी गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही क्रेटा कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन सिंह (23) निवासी रायबरेली व हरिविजय सिंह (25) निवासी सुल्तानपुर के रूप में हुई है। आरोपी नेपाल से ओजी गांजा लाकर लखनऊ, दिल्ली और एनसीआर में छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचते थे। आरोपी गांजा 2500 से 3000 रुपये प्रति ग्राम की दर से बेचने की बात पूछताछ में सामने आई है। आरोपी स्कूल, कॉलेज के अलावा विश्वविद्यालय के आसपास छात्रों को गांजे की सप्लाई करते थे। गांजे की सप्लाई करने से प्राप्त रुपये को आपस में बांट लेते थे। पिछले छह माह से अवैध धंधे में लिप्त थे।

कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि शनिवार को गोपनीय सूचना के आधार पर नॉलेज पार्क-1 में कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस ने अमन सिंह (23) और हरिविजय सिंह (25) को गिरफ्तार किया। अमन सिंह मूल रूप से रायबरेली के बछरांवा क्षेत्र का रहने वाला है और वर्तमान में लखनऊ के गोल्फ सिटी क्षेत्र में रहता है। वहीं हरिविजय सिंह सुल्तानपुर का निवासी है और वर्तमान में लखनऊ के विकास नगर में रह रहा है। दोनों ने नेपाल से ओजी गांजा लाने और उसे लखनऊ, दिल्ली-एनसीआर में बेचने की बात स्वीकार की है। बिक्री से मिलने वाली रकम दोनों आपस में बांटकर निजी खर्च और शौक पूरे करते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नॉलेज पार्क थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज किया है। अमन सिंह के खिलाफ लखनऊ के अलग-अलग थानों में पांच और हरिविजय सिंह के खिलाफ चार मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी, बलवा समेत अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल क्रेटा कार भी कब्जे में ली है। मामले में पुलिस आरोपियों से गांजा तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई के स्रोत के बारे में पूछताछ कर रही है।

पढ़ें  नोएडा: किडनी की बीमारी से ग्रस्त बुजुर्ग ने 9वीं मंजिल से कूदकर दी जान, किशोरी ने लगाई फांसी

स्कार्पियो पर बम फेंकने के साथ फायरिंग कर मचाई थी दहशत:

आरोपी हरिविजय सिंह लखनऊ में एक घर के बाहर खड़ी स्कार्पियो पर बम फेंककर तोड़फोड़ कर हवाई फायरिंग के मामले में भी नामजद है। विनयखंड-3 निवासी सच्चिदानंद शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि 21 मार्च 2024 की रात एक स्कार्पियो और एक बिना नंबर प्लेट की ब्रेजा कार से आए 8-9 युवकों ने पहले उनके घर के आसपास रेकी की। इसके बाद ये लोग आदर्श मार्केट की ओर से होते हुए साईं पार्क की तरफ से ब्लैक स्कार्पियो में लौटे। उन्होंने मकान के सामने शिद्धेश्वर पार्क के बगल में खड़ी उनकी स्कार्पियो पर बम फेंका और बेसबॉल के डंडे से तोड़फोड़ की थी। मोहल्ले में दहशत फैलाने के लिए असलहे लहराते हुए फायरिंग भी की गई थी। भागते समय हमलावरों ने उनके घर पर भी बम से हमला किया था। 10 जून 2023 को भी उनके घर पर बम से जानलेवा हमला हुआ था। जिसमें गोमतीनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment