ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-1 एक्सटेंशन में बनेगा नया पुलिस थाना, 3957 वर्गमीटर जमीन मुफ्त देगा प्राधिकरण

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में प्राधिकरण ने बड़ा कदम उठाया है। ईकोटेक-1 एक्सटेंशन क्षेत्र में नया पुलिस थाना स्थापित करने के लिए ग्राम कासना में 3957 वर्गमीटर जमीन निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। बुधवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की 145वीं बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। नए पुलिस स्टेशन की स्थापना से क्षेत्र में संचालित औद्योगिक इकाइयों, कर्मचारियों और आसपास के निवासियों को सुरक्षा संबंधी सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

दरअसल, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय, गौतमबुद्ध नगर की ओर से ग्राम कासना में पुलिस स्टेशन स्थापित करने के लिए प्राधिकरण से जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था। इसके बाद प्राधिकरण के परियोजना विभाग ने सेक्टर ईकोटेक-1 एक्सटेंशन में स्थित उपयुक्त भूखंड को चिह्नित किया और पुलिस विभाग को उसका लीज प्लान उपलब्ध कराया।

पुलिस विभाग ने 31 जुलाई 2025 को इस भूखंड की लीज डीड कराने के लिए अपनी सहमति भी दे दी थी। इसके बाद निशुल्क भूमि आवंटन से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर बोर्ड के समक्ष रखा गया।

शासन की नीति के तहत निशुल्क मिलेगी जमीन

प्रस्ताव में शासन की उस नीति का भी उल्लेख किया गया है, जिसके तहत औद्योगिक विकास प्राधिकरणों की विकसित योजनाओं में पुलिस थानों और चौकियों के लिए आवश्यक भूमि निशुल्क हस्तांतरित की जा सकती है। इसी प्रावधान के तहत ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने 3957 वर्गमीटर भूमि निशुल्क उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।

पढ़ें  कोलकाता में डॉक्टर के साथ रेप व हत्या के विरोध में महिलाओं ने पैदल मार्च निकाला किया विरोध प्रदर्शन

औद्योगिक क्षेत्र को मिलेगी सुरक्षा की मजबूती

ग्रेटर नोएडा में बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं। औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ कर्मचारियों, उद्यमियों और स्थानीय आबादी की संख्या भी बढ़ रही है। ऐसे में नए पुलिस थाने की स्थापना को सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बोर्ड की मंजूरी के बाद अब निशुल्क भूमि आवंटन और पुलिस स्टेशन निर्माण से जुड़ी अगली प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment