“संविधान बचाने के लिए मुलायम सिंह ने अयोध्या में चलवाई थी गोलियां, हो सकता था गृहयुद्ध”, सपा नेता सनातन पांडे का बड़ा बयान

Sanchar Now
6 Min Read

अयोध्या में 1990 में कारसेवकों पर हुई पुलिस फायरिंग को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है. समाजवादी पार्टी के दो सांसदों ने तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने संविधान के मुताबिक काम किया था. बलिया से सपा सांसद सनातन पांडेय और सलेमपुर से सांसद रमाशंकर राजभर विद्यार्थी ने सोमवार को कहा कि मुलायम सिंह यादव संवैधानिक पद पर थे और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी जिम्मेदारी थी. उन्होंने वही किया, जो संविधान की रक्षा के लिए जरूरी था.

दोनों सांसदों के बयान ऐसे समय आए हैं, जब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को अयोध्या के राम मंदिर जाने की घोषणा हुई है. इस दौरे को लेकर बीजेपी लगातार सपा पर निशाना साध रही है और 1990 में कारसेवकों पर हुई फायरिंग के लिए माफी मांगने की मांग कर रही है.

क्या बोले सपा सांसद सनातन पांडेय

बलिया में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान सपा सांसद सनातन पांडेय ने कहा, ‘मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्री रहते अयोध्या में कारसेवकों पर गोलियां चलाई गई थीं. यह कार्रवाई भारत के संविधान में जताए गए विश्वास को मजबूत करने के लिए की गई थी. मुलायम सिंह यादव ने वही किया, जो भारत का संविधान कहता है. हमने संविधान की शपथ ली है और उसी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाने का काम किया.’

उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति कार्रवाई करने के लिए बाध्य होता है. जब कोई मामला विवादित हो और अदालत में विचाराधीन हो, तो यथास्थिति बनाए रखना सरकार और अधिकारियों की जिम्मेदारी होती है.

पढ़ें  गुड वर्क में UP Police पर लगा दाग; कार में पिस्टल रखने के आरोप में बुलंदशहर एसएसपी ने चार पुलिसकर्मी किए निलंबित

‘माफी अखिलेश नहीं, मंदिर का चढ़ावा चोरी करने वाले मांगें’

सनातन पांडेय ने अखिलेश यादव से माफी मांगने की बीजेपी की मांग पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि आखिर बीजेपी अखिलेश यादव से माफी क्यों मांग रही है? सपा सांसद ने कहा, ‘हम संविधान की शपथ लेते हैं और उसे निभाने का काम करेंगे. जिन लोगों ने राम मंदिर का चढ़ावा चोरी किया है, माफी उन्हें मांगनी चाहिए.’

‘गलत किया था तो बीजेपी ने मुलायम सिंह को जेल क्यों नहीं भेजा?’

सलेमपुर से सपा सांसद रामाशंकर राजभर विद्यार्थी ने भी मुलायम सिंह यादव का बचाव किया. बलिया के बेल्थरा रोड में सोमवार को मीडिया बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि अगर मुलायम सिंह यादव ने कोई गलत या असंवैधानिक काम किया था, तो बीजेपी को सत्ता में आने के बाद उन्हें जेल भेज देना चाहिए था.

उन्होंने सवाल उठाया कि अगर मुलायम सिंह का फैसला गलत था, तो उन्हें मरणोपरांत पद्म विभूषण क्यों दिया गया? इसके अलावा जिस अधिकारी ने गोली चलाने का आदेश दिया था, उसे राम मंदिर निर्माण की जिम्मेदारी क्यों सौंपी गई?

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने कहा, ‘कोई भी राजनीतिक नेता व्यक्तिगत रूप से गोली चलाने का आदेश नहीं देता. नेता निर्देश देते हैं और अधिकारी उन्हें लागू करते हैं. ‘

‘जय श्रीराम बोलने पर कभी प्रतिबंध नहीं था’

सपा शासन के दौरान अयोध्या में ‘जय श्रीराम’ का नारा लगाने पर प्रतिबंध होने के बीजेपी के आरोपों को भी राजभर विद्यार्थी ने खारिज किया. उन्होंने कहा, ‘जय श्रीराम बोलने पर कभी कोई प्रतिबंध नहीं रहा. मैं सिर्फ इसलिए जय श्रीराम नहीं बोलूंगा कि बीजेपी मुझ पर ऐसा करने का दबाव बना रही है. भगवान राम कण-कण में बसते हैं.’

पढ़ें  सीएम योगी ने असम-बंगाल में कीं 27 जनसभाएं और रोड शो, शहरी-ग्रामीण दोनों क्षेत्रों को साधने की द‍िखी रणनीति

राजभर ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम बीजेपी के कामों से खुश होते तो अयोध्या में उसकी हार क्यों होती? उन्होंने दावा किया कि अयोध्या में भगवान राम, काशी में भगवान शिव और मथुरा में भगवान कृष्ण ने समाजवादी पार्टी को जीत दिलाई.

सपा सांसद ने दावा किया कि बीजेपी के लोग सनातन धर्म के नकली अनुयायी हैं, जबकि सच्चे अनुयायी समाजवादी पार्टी में हैं. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सनातन धर्म के विभिन्न देवी-देवताओं से जुड़े क्षेत्रों में चुनाव जीत रही है और यह सब भगवान की कृपा से हो रहा है. राजभर ने दावा किया, ‘भगवान राम, भगवान शिव और भगवान कृष्ण बीजेपी के खिलाफ हो गए हैं. 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी सिर्फ 27 सीटों पर सिमट जाएगी.’

‘भगवान राम ने बुलाया है, इसलिए अयोध्या जाएंगे अखिलेश’

अखिलेश यादव के प्रस्तावित राम मंदिर दौरे पर राजभर विद्यार्थी ने कहा कि सपा अध्यक्ष हमेशा कहते रहे हैं कि वह अयोध्या तभी जाएंगे, जब भगवान राम उन्हें बुलाएंगे. उन्होंने कहा, ‘हमारे नेता हमेशा कहते रहे हैं कि जब भगवान राम बुलाएंगे, तभी जाएंगे. जैसे हम माता वैष्णो देवी के दर्शन तभी कर पाते हैं, जब उनका बुलावा आता है. अब भगवान राम ने बुलाया है और अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अपने परिवार के साथ अयोध्या जाएंगे.’

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment