उत्तरकाशी। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में इस वर्ष तीर्थयात्रियों की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया है। मंगलवार तक दोनों धामों में कुल 18.91 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। यह संख्या गत वर्ष के मुकाबले करीब 4.89 लाख अधिक है।
हालांकि, वर्ष 2025 में धराली आपदा और स्यानाचट्टी में यमुना नदी का प्रवाह अवरुद्ध होने से यात्रा प्रभावित हुई थी। मंगलवार को गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो चुके हैं, जबकि बुधवार को यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने तक श्रद्धालुओं की संख्या में और इजाफा हो सकता है।
बता दें कि गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट इस वर्ष अक्षय तृतीया पर्व पर 19 अप्रैल को खोले गए थे। 19 अप्रैल से 15 सितंबर तक दोनों धामों में करीब 15 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इसके बाद मानसून के बाद यात्रा के दूसरे चरण में तीन लाख से अधिक तीर्थयात्री दोनों धामों में पहुंचे।
जिला आपदा प्रबंधन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2025 में गंगोत्री धाम में 7,58,249 और यमुनोत्री धाम में 6,44,637 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। इस तरह दोनों धामों में कुल 14,02,886 श्रद्धालु पहुंचे थे। वहीं, इस वर्ष गंगोत्री धाम में 10,07,177 और यमुनोत्री धाम में 8,84,742 श्रद्धालु पहुंचे।
दोनों धामों में कुल 18,91,919 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इससे पहले वर्ष 2023 में दोनों धामों में सर्वाधिक करीब 16.40 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का रिकॉर्ड था, जो इस बार ध्वस्त हो गया है।
यात्रा के दौरान 59 तीर्थयात्रियों की हुई मौत
आपदा प्रबंधन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार इस वर्ष गंगोत्री धाम में 21 और यमुनोत्री धाम में 38 तीर्थयात्रियों की मौत तबीयत बिगड़ने और हृदय गति रूकने से हुई।
यात्रा सीजन लंबा होने से यात्रा से जुड़े सभी छोटे-बड़े कारोबारियों को लाभ हुआ। तीर्थयात्रियों की रिकॉर्ड संख्या से शीतकालीन यात्रा में भी तीर्थयात्रियों के उमड़े की उम्मीद है।- शैलेन्द्र मटूड़ा, अध्यक्ष होटल एसोसिएशन उत्तरकाशी
