सोनिया गांधी की किताब पर BJP हमलावर, 1984 के दंगों पर झूठा दावा करने का आरोप

Sanchar Now
6 Min Read

नई दिल्ली: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love ‘ को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। किताब में ऑपरेशन ब्लू स्टार का जिक्र किए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सोनिया गांधी पर निशाना साधा है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने और उसका झूठा संस्करण लिखने की कोशिश कर रही हैं। भाजपा ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से 1984 के सिख विरोधी दंगों के लिए सिख समुदाय से माफी मांगने की मांग भी की है।  पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब पब्लिश हुई है।

‘कांग्रेस नेता झूठे और पाखंडी’

मीडिया से बातचीत के दौरान दिल्ली भाजपा चीफ हर्ष मल्होत्रा ​​ने कहा कि कांग्रेस नेता झूठे और पाखंडी हैं। मैं पंजाब से आता हूं और जानता हूं कि ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ के दौरान हालात क्या थे। जब इंदिरा गांधी ने खुद सेना को स्वर्ण मंदिर में घुसने और अकाल तख्त का अनादर करने का आदेश दिया था तो उन्हें इसके नतीजों का पता था। उनके पास सारी खुफिया जानकारी (इंटेलिजेंस इनपुट) मौजूद थी। सोनिया गांधी यह कहकर कि वे दुखी थीं, इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने और उसका एक झूठा संस्करण लिखने की कोशिश कर रही हैं, ताकि 50 या 100 साल बाद उनकी किताब पढ़ने वाला इसे सच मान ले। यह समझना जरूरी है कि स्वर्ण मंदिर में सैन्य अभियान का आदेश खुद इंदिरा गांधी ने दिया था।

दिल्ली भाजपा चीफ ने कहा कि उन्होंने आज तक सिख समुदाय से माफी नहीं मांगी है। मैं सोनिया गांधी से कहना चाहता हूं कि उन्हें अब भी सिख समुदाय से माफी मांगनी लेनी चाहिए। उन्होंने अभी तक माफी नहीं मांगी है। 1984 में सिखों की बेरहमी से की गई हत्याओं के लिए सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को सिख समुदाय से माफी मांगनी चाहिए।

पढ़ें  Parliament: वरिष्ठ नागरिकों-पत्रकारों के लिए रेल किराये में रियायत की मांग, लोकसभा में सांसदों ने की अपील

भिंडरावाले को किसने पैदा किया था? 

भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने भी सोनिया गांधी की किताब पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि भिंडरावाले को किसने पैदा किया था? चंदोलिया ने दावा किया कि उन्होंने 1984 में भिंडरावाले को बंदूक के साथ बस में देखा था। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन ब्लू स्टार तत्कालीन सरकार का फैसला था और इसके लिए इंदिरा गांधी जिम्मेदार थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि भिंडरावाले को राजनीतिक संरक्षण देने के कारण पंजाब में आतंकवाद बढ़ा और उसका असर दिल्ली तक पहुंचा। चंदोलिया ने कहा कि ऑपरेशन ब्लू स्टार सरकार के फैसले के बिना संभव नहीं था।

बीजेपी प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि इंदिरा गांधी विचलित क्यों हुईं? ऑपरेशन ब्लू स्टार उन्होंने सोची-समझी चाल के अंतर्गत कराया था। 1985 के चुनाव के मद्देनजर 1980 से सारा घटनाक्रम रचा गया। दूसरी ओर, सोनिया गांधी के दो बार पीएम पद को ठुकराने को लेकर भाजपा नेता गुरु प्रकाश ने कहा कि बिना किसी पद पर रहते हुए साल 2004 से 2014 तक उन्होंने ‘रिमोट कंट्रोल’ से देश चलाया? यह बात देश की जनता से छिपी नहीं है।

प्रेम शुक्ला ने सोनिया के रोने पर क्या कहा?

भाजपा नेता प्रेम शुक्ला ने कहा कि किताब में सोनिया गांधी ने लिखा है कि बाबरी ढांचे के ढहाए जाने पर उनकी आंखों में आंसू आ गए थे। वह बाटला हाउस एनकाउंटर में आतंकियों के मारे जाने पर भी रोती हैं। बाबरी ढांचा ढहाए जाने पर भी वह रोती हैं, लेकिन 12 मार्च 1993 के मुंबई सीरियल ब्लास्ट में मारे गए लोगों के लिए उनकी आंखों से आंसू नहीं निकलते। 26/11 के आतंकी हमलों में मारे गए लोगों के लिए वह नहीं रोतीं। कारगिल में अपनी जान कुर्बान करने वाले सैनिकों के लिए भी वह नहीं रोतीं। संसद पर हुए आतंकी हमलों के दौरान अपनी जान गंवाने वाले सुरक्षाकर्मियों के लिए भी वह नहीं रोतीं। आखिर वह सिर्फ आतंकियों के लिए या मुसलमानों से जुड़े एक जर्जर ढांचे के ढहाए जाने पर ही क्यों रोती हैं? कांग्रेस के सभी नेताओं को मिलकर इस सवाल का जवाब देना चाहिए।

पढ़ें  प्रख्यात मलयालम लेखक और फिल्म निर्देशक एमटी वासुदेवन का निधन

शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कहा कि सबसे पहली बात यह है कि राजनीति में एक अलिखित नियम है कि जब कोई व्यक्ति राजनीतिक जीवन से रिटायर होता है, तो वह अक्सर किताबें या अपनी आत्मकथा लिखता है। क्या सोनिया गांधी भी उस दौर में आ गई हैं, यह अपने आप में एक बड़ा सवाल है और इस सवाल का जवाब तो उन्हें खुद ही देना होगा, हम इसमें क्या कर सकते हैं। जहां तक किताब में किए गए खुलासों की बात है, तो जो बातें उन्होंने लिखी हैं, वे मोटे तौर पर सभी को पता हैं। कांग्रेस के भीतर क्या चल रहा होता है, यह कभी छिपा नहीं रहता।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment