“हम सामान्य रिश्ते चाहते हैं लेकिन…” भारत और पाकिस्तान के रिश्ते पर बोले पीएम मोदी

Sanchar Now
4 Min Read

तोक्यो: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन से पहले चीन और पाकिस्तान को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है। उन्होंने कहा कि भारत अपनी संप्रभुता की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है। अब रिश्ते बेहतर करने की जिम्मेदारी पाकिस्तान की है। उन्होंने कहा कि चीन से बेहतर रिश्तों के लिए सीमा पर शांति जरूरी है। पीएम मोदी का चीन और पाकिस्तान को लेकर दो टूक बयान भारत की बदलती विदेश नीति को दर्शाता है। जापान के हिरोशिमा पहुंचे पीएम मोदी युद्ध की विभीषिता झेल रहे यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वे कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे।

पाकिस्तान और चीन पर क्या बोले पीएम मोदी

एशिया निक्की को दिए इंटरव्यू में पीएम मोदी ने कहा कि भारत अपनी संप्रभुता और गरिमा की रक्षा के लिए पूरी तरह से तैयार और प्रतिबद्ध है। चीन के साथ सामान्य द्विपक्षीय संबंधों के लिए सीमावर्ती इलाकों में अमन-चैन जरूरी है। भारत-चीन संबंधों का भविष्य का विकास केवल आपसी सम्मान, आपसी संवेदनशीलता और आपसी हितों पर आधारित हो सकता है। उन्होंने कहा कि संबंधों को सामान्य करने से व्यापक क्षेत्र और दुनिया को लाभ होगा। पीएम मोदी ने पाकिस्तान को लेकर कहा कि आतंकवाद और शत्रुता से मुक्त एक अनुकूल वातावरण बनाना पाकिस्तान के लिए आवश्यक है। इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने की जिम्मेदारी पाकिस्तान की है।

ग्लोबल साउथ की आवाज बनेंगे पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि जी-7 शिखर सम्मेलन में वे ग्लोबल साउथ की आवाज बनेंगे और उनकी चिंताओं को उठाएंगे। ग्लोबल साउथ एशिया, अफ्रीका और दक्षिणी अमेरिका के विकासशील देशों का एक अनौपचारिक समूह है। भारत इस समूह का सबसे ताकतवर देश है। उन्होंने कहा कि वे ऊर्जा, डिजिटल प्रौद्योगिकी और आपूर्ति श्रृंखला जैसे क्षेत्रों में वैश्विक परिवर्तनों और चुनौतियों पर चर्चा करने के लिए उत्सुक हैं। पीएम मोदी ने कहा कि मैं इन चुनौतियों से निपटने में एक विश्वसनीय भागीदार के रूप में भारत की भूमिका पर जोर दूंगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारत का अनुभव जी-7 की बैठक में मजबूती से प्रतिध्वनित होगा। भारत जी-7 का सदस्य नहीं है, इसके बावजूद जी-7 के मेजबान और जापानी प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने भारत को आमंत्रित किया है।

पढ़ें  मोदी 3.0 में मंत्रालयों का बंटवारा, यहां देखिए किसको क्या मिला?

रूस-यूक्रेन युद्ध में मध्यस्थ बनने पर क्या बोले मोदी

रूस-यूक्रेन युद्ध में भारत की मध्यस्थता की भूमिका पर पीएम मोदी ने कहा कि यूक्रेन विवाद पर उनके देश की स्थिति स्पष्ट और अटल है। उन्होंने कहा कि भारत शांति के पक्ष में खड़ा है, और दृढ़ता से रहेगा। हम उन लोगों का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो अपनी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में चुनौतियों का सामना करते हैं, विशेष रूप से भोजन, ईंधन और उर्वरकों की बढ़ती कीमतों के कारण। पीएम मोदी ने कहा कि हम रूस और यूक्रेन दोनों के साथ कम्यूनिकेशन को बनाए रखे हैं। सहयोग से हमारे समय को परिभाषित करना चाहिए, संघर्ष से नहीं।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment