शारदा यूनिवर्सिटी में तैयार होंगे एंटरप्रेन्योरशिप मेंटर्स, BYST के साथ तीन साल का करार

Sanchar Now
4 Min Read

संचार नाउ। युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय सफल उद्यमी बनाने की दिशा में शारदा यूनिवर्सिटी ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। यूनिवर्सिटी ने भारतीय युवा शक्ति ट्रस्ट (BYST) के साथ रणनीतिक साझेदारी करते हुए कैंपस में एंटरप्रेन्योरशिप मेंटरशिप नेटवर्क विकसित करने का फैसला किया है। इसके तहत यूनिवर्सिटी के फैकल्टी सदस्यों को विशेष प्रशिक्षण देकर प्रमाणित एंटरप्रेन्योरशिप मेंटर बनाया जाएगा, जो छात्रों को उनके बिजनेस आइडिया को सफल और टिकाऊ कारोबार में बदलने के लिए मार्गदर्शन देंगे।

दरअसल, इस संबंध में दोनों संस्थानों के बीच तीन साल के लिए मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) हुआ है। इसका आदान-प्रदान BYST अवार्ड्स 2026 के दौरान किया गया। इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ उद्यमिता की व्यावहारिक समझ, बिजनेस नेटवर्क और अनुभवी मार्गदर्शकों का सहयोग उपलब्ध कराना है।

फैकल्टी को मिलेगी विशेष ट्रेनिंग, छात्र बनेंगे उद्यमी

BYST के ‘मेंटोरिंग इंडिया प्रोग्राम’ के अंतर्गत शारदा यूनिवर्सिटी के विभिन्न स्कूलों और विभागों के शिक्षकों को उद्यमिता से जुड़ी विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें प्रमाणित मेंटर बनाया जाएगा। ये मेंटर छात्रों को बिजनेस प्लान तैयार करने, बाजार की जरूरतों को समझने, संसाधन जुटाने और अपने स्टार्टअप को आगे बढ़ाने में मदद करेंगे। इस पहल से यूनिवर्सिटी परिसर में ऐसा इकोसिस्टम विकसित करने की योजना है, जहां छात्रों को अपने नए विचारों पर काम करने के लिए विशेषज्ञ मार्गदर्शन और व्यावसायिक संसाधन मिल सकें।

सही मार्गदर्शन से सफल हो सकते हैं बिजनेस आइडिया

शारदा लॉन्चपैड के निदेशक डॉ. अमित सहगल ने कहा कि किसी नए विचार को सफल उद्यम बनाने में सही समय पर मिलने वाला मार्गदर्शन बेहद महत्वपूर्ण होता है। केवल पूंजी उपलब्ध होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि मेंटरशिप, व्यावसायिक ज्ञान, नेटवर्क और बाजार से जुड़ाव भी सफलता के लिए जरूरी हैं। BYST के प्रशिक्षण से यूनिवर्सिटी के शिक्षक छात्रों को व्यावहारिक सहयोग देने में सक्षम होंगे।

पढ़ें  गौतम बुद्ध नगर में आगामी 2024 लोकसभा चुनाव में दादरी नगर पालिका निभाएगी की अहम भूमिका

हजारों युवाओं को उद्यमिता से जोड़ चुका है BYST

BYST की संस्थापक एवं प्रबंध ट्रस्टी लक्ष्मी वेंकटरमन वेंकटेशन ने कहा कि छोटे उद्यमियों को वित्तीय सहायता के साथ लगातार मार्गदर्शन, बाजार तक पहुंच और क्षमता निर्माण का अवसर देना जरूरी है। उन्होंने बताया कि छोटे कारोबार भी रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में बड़ी भूमिका निभाते हैं। BYST इसी सोच के साथ देशभर में युवाओं को उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित कर रहा है।

यूनिवर्सिटी के अधिकारियों ने किया MoU पर हस्ताक्षर

शारदा यूनिवर्सिटी की ओर से रजिस्ट्रार डॉ. विवेक कुमार गुप्ता ने MoU पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर शारदा लॉन्चपैड के निदेशक डॉ. अमित सहगल, नॉलेज एक्सचेंज सेल (इंडस्ट्री इंटीग्रेशन) की सहायक निदेशक लेफ्टिनेंट डॉ. यशोधरा राज और कम्युनिटी कनेक्ट सेल के निदेशक भरत सिंह मौजूद रहे। इस पूरी पहल का समन्वय शारदा यूनिवर्सिटी के कम्युनिटी कनेक्ट सेल ने किया। तीन साल की यह साझेदारी छात्रों को नवाचार से आगे बढ़कर अपने उद्यम स्थापित करने और रोजगार सृजन करने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध करा सकती है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment