ग्रेनो प्राधिकरण की एसीईओ सफाई व्यवस्था का लिया जायजा, ड्यूटी से नदारद मिलने पर 18 सफाई कर्मियों का कटेगा वेतन

Sanchar Now
2 Min Read

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा को और स्वच्छ बनाने के लिए सीईओ रितु माहेश्वरी के निर्देश पर प्राधिकरण की तरफ से अभियान जारी है। मंगलवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ मेधा रूपम ने अल्फा वन और अल्फा कॉमर्शियल बेल्ट की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। सड़क किनारे सीएंडडी वेस्ट मिलने पर दो वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों व तीन घरों को मिलाकर कुल पांच लोगों पर जुर्माना लगाया गया। इसके साथ ही ड्यूटी से गायब मिलने वाले सफाईकर्मियों के वेतन काटने के निर्देश दिए।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ मेधा रूपम मंगलवार सुबह ही सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए फील्ड में उतर गईं। अल्फा कॉमर्शियल बेल्ट के निरीक्षण के दौरान सीएंडडी वेस्ट मिलने पर आईसीआईसीआई बैंक और कृष्णा अपरा पार्क प्लाजा पर दो-दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया। एसीईओ ने सेक्टर अल्फा वन के ए व सी ब्लॉक का भी जायजा लिया। अल्फा वन के ए-14, सी-1 व सी-72 के सामने सीएंडी वेस्ट मिलने पर पर 1000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। एसीईओ ने दोनों जगहों पर पांच सफाई कर्मियों की संख्या कम मिलने पर ठेकेदार से इनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं।

वहीं, एसीईओ के निर्देश पर ओएसडी रजनीकांत ने सेक्टर डेल्टा वन, डेल्टा टू व गामा टू का निरीक्षण किया गया। 13 कर्मचारी ड्यूटी से गायब मिले, जिसके चलते कॉन्ट्रैक्टर से इनके वेतन काटने के आदेश पारित कर दिए गए हैं। मंगलवार को एसीईओ व ओएसडी के निरीक्षण के दौरान कुल 18 सफाईकर्मी नदारद मिले, जिसके चलते उनके एक दिन के वेतन काटने के आदेश हो गए हैं। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ प्रबंधक उत्सव निरंजन, सहायक प्रबंधक गौरव बघेल व सहायक मनोज चौधरी आदि मौजूद रहे।

पढ़ें  ग्रेटर नोएडा की सोफा फैक्ट्री में भीषण आग, तीन कर्मचारियों की जिंदा जलकर मौत
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment