जिला बार एसोसिएशन में चैंबर तोड़फोड़ पर अधिवक्ताओं का आक्रोश, आम सभा ने पारित किया निंदा प्रस्ताव

Sanchar Now
3 Min Read

संचार नाउ। जिला दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन, गौतमबुद्ध नगर की आम सभा की बैठक में लाइब्रेरी हॉल में अधिवक्ताओं के लिए बनाए जा रहे अस्थायी चैंबरों में कथित तोड़फोड़ के मामले को लेकर कड़ा रुख अपनाया गया। 15 सितंबर 2026 को बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनो‍ज भाटी (बोड़ाकी), एडवोकेट की अध्यक्षता में हुई आम सभा में सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। आम सभा की बैठक में लाइब्रेरी हॉल में बने अस्थायी चैंबरों में तोड़फोड़ का मामला प्रमुखता से उठाया गया जिसमें नुकसान की भरपाई और अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए कमेटी गठित करने का निर्णय लिया गया है।

लाइब्रेरी हॉल में चैंबरों में हुई तोड़फोड़

जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनो‍ज भाटी (बोड़ाकी), एडवोकेट मनोज भाटी ने जानकारी देते हुए बताया कि आज मंगलवार को हुई आम सभा की पूर्व निर्धारित बैठक में लिए गए निर्णय के बाद लाइब्रेरी हॉल में अधिवक्ताओं के लिए अस्थायी चैंबरों का निर्माण कराया जा रहा था। निर्माण कार्य में बार की धनराशि खर्च की गई थी।

आरोप है कि 15 सितंबर को सुबह करीब 11 बजे कुछ अधिवक्ताओं ने लाइब्रेरी हॉल में सुरक्षा ताला तोड़ दिया और बने हुए चैंबरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। बैठक में बताया गया है कि घटना से बार की धनराशि से कराया गया निर्माण प्रभावित हुआ है। बताया गया कि इस मामले पर पहले से निर्धारित आम सभा की बैठक में दोपहर 12 बजे चैंबरों को बनाए रखने अथवा हटाने को लेकर निर्णय प्रस्तावित था, लेकिन उससे पहले ही कुछ अधिवक्ताओं द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का आरोप लगाया गया।

पढ़ें  घंघोला के 23 किसानों को मिला 6 फीसदी आबादी भूखंड का लाभ, 16 का ड्रा और 7 का सीधे आवंटन

तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित

आम सभा ने घटना में शामिल अधिवक्ताओं के आचरण और कथित कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए निंदा प्रस्ताव पारित किया। बैठक में इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई का रास्ता भी तय किया गया।

अनुशासनात्मक कमेटी करेगी मामले की जांच

आम सभा ने निर्णय लिया कि आगामी बार चुनावों में तोड़फोड़ की घटना में शामिल अधिवक्ताओं की उम्मीदवारी की पात्रता के संबंध में निर्णय लेने के लिए अनुशासनात्मक कमेटी के गठन हेतु बार अध्यक्ष और सचिव को अधिकृत किया गया है।

इसके साथ ही गठित की जाने वाली कमेटी लाइब्रेरी हॉल में हुई तोड़फोड़ से हुए नुकसान का आकलन कर उसकी भरपाई के संबंध में भी निर्णय लेगी। बैठक में बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। प्रेस विज्ञप्ति बार एसोसिएशन के सचिव शोभाराम चन्दीला, एडवोकेट की ओर से जारी की गई है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment