संचार नाउ। नए साल 2026 के स्वागत में नोएडा और ग्रेटर नोएडा में जश्न पूरे शबाब पर नजर आया। पार्टियों, क्लबों, पब और निजी आयोजनों में लोगों ने जमकर जाम छलकाए। आबकारी विभाग के आंकड़ों के मुताबिक सिर्फ दो दिनों में करीब 37 करोड़ रुपये की शराब की बिक्री दर्ज की गई, जबकि कुल खपत लगभग 7 लाख लीटर तक पहुंच गई।
पार्टियों में उमड़ा लोगों का सैलाब
नववर्ष से करीब 10 दिन पहले ही बार, क्लब, पब, रेस्टोरेंट और निजी स्थानों पर पार्टियों की तैयारियां शुरू हो गई थीं। 30 और 31 दिसंबर को जिले में 200 से अधिक निजी स्थानों पर पार्टियों का आयोजन हुआ, जहां हजारों लोग शामिल हुए और जश्न में खुलकर पैसा खर्च किया।
30 और 31 दिसंबर को सबसे ज्यादा बिक्री
आबकारी विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार नोएडा – ग्रेटर नोएडा में 30 दिसंबर को लोगों ने करीब 15 करोड़ रुपये की शराब की खपत की, जबकि 31 दिसंबर को यह आंकड़ा बढ़कर 22 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। दोनों दिनों में कुल मिलाकर लगभग 7 लाख लीटर शराब पी गई। बृहस्पतिवार को भी 12 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री दर्ज की गई।
पिछले साल से ज्यादा रहा जोश
पिछले साल नए साल के जश्न में करीब 5 लाख लीटर शराब की बिक्री हुई थी, जिस पर 32 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। इस बार शराब के शौक पर करीब 7 करोड़ रुपये अधिक खर्च किया गया। इससे आबकारी विभाग को भी अच्छा-खासा फायदा हुआ और करीब 5 करोड़ रुपये अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ।
आबकारी विभाग को बढ़ा राजस्व
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, इस बार लोगों में नए साल के जश्न को लेकर खासा उत्साह दिखा। अनुमान है कि 1 जनवरी को भी 12 करोड़ रुपये से अधिक की शराब बिक्री दर्ज की जाएगी। कुल मिलाकर नववर्ष का जश्न नोएडा और ग्रेटर नोएडा में रिकॉर्ड तोड़ साबित हुआ।

