संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बिसरख के डूब क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को खसरा संख्या-135 की लगभग 30,000 वर्ग मीटर जमीन पर किए जा रहे अवैध निर्माण को ध्वस्त कर कब्जा मुक्त कराया गया। प्राधिकरण के अनुसार, उक्त जमीन पर कालोनाइजर अवैध कॉलोनी बसाने की तैयारी में थे और बाउंड्री बनाकर कब्जा जमाने का प्रयास किया जा रहा था। अभियान के दौरान दो जेसीबी और तीन डंपरों की मदद से अवैध निर्माण को गिराया गया। कार्रवाई पुलिस बल की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की गई।
दरअसल, सीईओ एनजी रवि कुमार ने परियोजना विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण और जमीन कब्जाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखा जाए। एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का निर्माण नियमों के विरुद्ध है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि किसी भी तरह की धोखाधड़ी से बचा जा सके।
परियोजना विभाग के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि दोबारा अतिक्रमण करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप की स्थिति है।

